प्रेमी युगल के साथ छेड़खानी और मारपीट का वीडियो वायरल, पुलिस ने महज कुछ घंटों में तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार
मुजफ्फरपुर जिले में प्रेमी युगल के साथ छेड़खानी और मारपीट के वायरल वीडियो मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को धर दबोचा है। वायरल वीडियो का खुद एसएसपी ने संज्ञान लेते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए थे....
Muzaffarpur : जिले में एक प्रेमी जोड़े के साथ छेड़खानी, गाली-गलौज और मारपीट किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कांतेश कुमार मिश्रा के निर्देश पर पुलिस टीम ने महज कुछ ही घंटों के भीतर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
असामाजिक तत्वों द्वारा अमर्यादित व्यवहार व मारपीट किए जाने का दृश्य आया सामने
जानकारी के अनुसार, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में कुछ असामाजिक तत्वों के युवकों द्वारा एक युवक और युवती के साथ अमर्यादित व्यवहार, छेड़खानी, गाली-गलौज और मारपीट करते देखा गया था। बताया जा रहा है कि यह घटनाक्रम मुजफ्फरपुर के बोचहा थाना क्षेत्र अंतर्गत काशीरामपुर बांध के समीप का है।
एसएसपी के निर्देश पर एसडीपीओ ईस्ट-1 ने दिए जांच व कार्रवाई के आदेश
पूरे घटनाक्रम का वीडियो सामने आते ही एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने मामले में संज्ञान लेते हुए एसडीपीओ ईस्ट-1 अलय वत्स को कार्रवाई का निर्देश दिया। इसके बाद एसडीपीओ अलय वत्स ने वायरल वीडियो की सत्यता की जांच करते हुए बोचहा थाना पुलिस को प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी का आदेश दिया।
बोचहा थाना पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी, छापेमारी कर तीनों आरोपियों को दबोचा
एसडीपीओ के निर्देश के बाद बोचहा थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मामले में प्राथमिकी दर्ज की और कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस टीम ने घटना के महज कुछ ही घंटों के अंदर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
एसडीपीओ ईस्ट-1 ने दी गिरफ्तारी की पुष्टि, आगे की कानूनी कार्रवाई जारी
मामले को लेकर एसडीपीओ ईस्ट-1 अलय वत्स ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में कुछ युवकों द्वारा युवती और युवक के साथ अमर्यादित व्यवहार, गाली-गलौज और मारपीट की जा रही थी। उन्होंने बताया कि मामला संज्ञान में आते ही बोचहा थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर कुछ ही घंटों में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है तथा मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
मनीभूषण की रिपोर्ट