कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल के नामकरण को लेकर राजद ने सरकार पर साधा निशाना, सिख समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का लगाया आरोप

कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल के नामकरण को लेकर सियासत जारी है। राष्ट्रीय जनता दल के अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के नेताओं ने संयुक्त बयान जारी कर सवाल उठाए है। कहा है कि सरकार पूर्व के रुख से पीछे हट रही है.....

कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल के नामकरण को लेकर राजद ने सरकार पर स
कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल के नामकरण को लेकर सियासत जारी - फोटो : रंजन कुमार

Patna : कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल के नामकरण को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव डॉ. मोहिब उल हसन हीरा और राष्ट्रीय प्रवक्ता सरदार रंजीत सिंह ने कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन पुल के नामकरण को लेकर सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। दोनों नेताओं ने कहा कि जो सरकार पहले इस पुल का नाम दशम सिख गुरु श्री गुरु गोविन्द सिंह जी के नाम पर करने की बात कह रही थी, वह अब इसका नामकरण नीतीश कुमार के नाम पर कर रही है, जिससे सिख समाज सहित बिहारवासियों की भावनाओं को ठेस पहुंची है। 


विधानसभा में तेजस्वी यादव की मांग और सरकार के पूर्व जवाब का दिया हवाला

बयान में कहा गया कि नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने विधानसभा में कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन पुल का नामकरण वैशाली जिले के स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय अक्षयवट राय के नाम पर 'अक्षयवट राय सेतु' करने की मांग उठाई थी। राजद नेताओं के अनुसार, इस मांग के जवाब में सरकार ने स्पष्ट रूप से कहा था कि पुल का नामकरण गुरु गोविन्द सिंह जी के नाम पर करने का प्रस्ताव विभाग को पहले से प्राप्त है और इस दिशा में आगे की कार्रवाई की जा रही है। 


नाम बदलने की घोषणा पर जताई आपत्ति, बताया इतिहास और विरासत से जुड़ा विषय

राजद नेताओं ने कहा कि अब इस पुल का नाम पूर्व मुख्यमंत्री और जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार के नाम पर किए जाने की बात सामने आ रही है, जो सरकार के पहले के रुख और जवाब पर गंभीर सवाल खड़े करती है। उन्होंने कहा कि पटना साहिब गुरु गोविन्द सिंह जी की जन्मस्थली है और बिहार की धरती उनके इतिहास, त्याग, साहस व आध्यात्मिक विरासत से जुड़ी है, ऐसे में उनके नाम पर नामकरण की बात कहकर पीछे हटना सिख समाज और बिहार की सामाजिक भावनाओं के प्रति असवेदनशीलता को दर्शाता है। 


विधानसभा के जवाब और प्रस्ताव की स्थिति स्पष्ट करने की उठी मांग

नेताओं ने कहा कि सरकार को यह स्पष्ट करना चाहिए कि विधानसभा में दिए गए अपने पूर्व जवाब से वह क्यों पीछे हट रही है और पहले व्यक्त किए गए प्रस्ताव का क्या हुआ। उनके मुताबिक, यह केवल नामकरण का मुद्दा नहीं है, बल्कि सरकार के कथन, निर्णय और जवाबदेही से भी जुड़ा प्रश्न है। 


जनभावनाओं के सम्मान की अपील, पूर्व प्रस्ताव पर स्थिति साफ करने का आग्रह

राष्ट्रीय जनता दल ने मांग की है कि सरकार पुल के नामकरण को लेकर अपने पूर्व के जवाब और प्रस्ताव की स्थिति स्पष्ट करे। साथ ही, पार्टी ने बिहार की ऐतिहासिक, सामाजिक और जनभावनाओं का सम्मान सुनिश्चित करने की अपील की है। 


रंजन की रिपोर्ट