Bihar School News: आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों के भोजन में मिले कीड़े, अभिभावकों ने किया जमकर हंगामा

Bihar School News: मुजफ्फरपुर जिले में आंगनबाड़ी केंद्र पर बच्चों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। ...

बच्चों के भोजन में मिले कीड़े- फोटो : reporter

Bihar School News: मुजफ्फरपुर जिले में आंगनबाड़ी केंद्र पर बच्चों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। सरैया प्रखंड की बहिलवारा रुपनाथ उत्तरी पंचायत के वार्ड संख्या-4 स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 192 में बुधवार को बच्चों के भोजन में छोटे-छोटे कीड़े मिलने की शिकायत सामने आई। इसकी जानकारी मिलते ही बच्चों के परिजन केंद्र पर पहुंच गए और भोजन की गुणवत्ता को लेकर जमकर नाराजगी जताई। हालांकि, बताया गया है कि जिन बच्चों ने भोजन किया था, वे सुरक्षित और स्वस्थ हैं।

सोयाबीन की सब्जी में कीड़े मिलने की शिकायत

जानकारी के अनुसार, बुधवार को आंगनबाड़ी केंद्र पर बच्चों के लिए चावल और आलू-सोयाबीन की सब्जी तैयार की गई थी। बच्चों का आरोप है कि सब्जी में इस्तेमाल किया गया सोयाबीन खराब था और उसमें छोटे-छोटे कीड़े मौजूद थे। केंद्र की सहायिका मालती देवी ने जब बच्चों को भोजन परोसा, तो कुछ बच्चों की नजर सब्जी में मौजूद कीड़ों पर पड़ी। इसके बाद बच्चों ने इसकी जानकारी अपने परिजनों को दी।शिकायत मिलते ही सुनैना देवी, सिंधु देवी समेत कई परिजन आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचे। वहां उन्होंने भोजन की गुणवत्ता को लेकर नाराजगी जाहिर की और व्यवस्था पर सवाल उठाए। परिजनों का कहना था कि बच्चों को पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना विभाग की जिम्मेदारी है। ऐसे में भोजन में कीड़े मिलने की शिकायत को गंभीरता से लिया जाना चाहिए।

मेनू के अनुसार भोजन नहीं देने का आरोप

परिजनों ने आरोप लगाया कि केंद्र पर बच्चों को नियमित रूप से निर्धारित मेनू के अनुसार भोजन नहीं दिया जाता है। उनका कहना है कि कभी-कभी खाना ठीक से तैयार नहीं किया जाता और भोजन की गुणवत्ता भी संतोषजनक नहीं रहती। परिजनों के मुताबिक, जब गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने की बात कही जाती है, तो खर्च का हवाला देकर जवाब दिया जाता है।घटना के समय केंद्र की सेविका रीता देवी अनुपस्थित थीं। सहायिका मालती देवी ने बताया कि सेविका की तबीयत खराब होने के कारण वह छुट्टी पर थीं। हालांकि, सहायिका के अनुसार, पर्यवेक्षिका के निरीक्षण के दौरान सेविका कुछ समय के लिए केंद्र पर आई थीं।केंद्र पर मौजूद बच्चों दिव्या कुमारी, सोनू कुमार, अनुष्का कुमारी, ऋषभ कुमार और शिवा कुमार ने भी भोजन में कीड़े दिखाई देने की बात कही। घटना के बाद स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को शांत कराने और मामले को सुलझाने का प्रयास किया।

सीडीपीओ का पक्ष नहीं हो सका उपलब्ध

मामले में सरैया की बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (सीडीपीओ) गीता कुमारी का पक्ष जानने के लिए फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी। इस कारण इस मामले में विभाग का आधिकारिक बयान सामने नहीं आ पाया है।

फिलहाल, आंगनबाड़ी केंद्र में भोजन की गुणवत्ता को लेकर उठे सवालों के बीच संबंधित विभाग की जांच और आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है। यदि शिकायत की पुष्टि होती है, तो भोजन की आपूर्ति, सामग्री की गुणवत्ता और निर्धारित मेनू के पालन की जांच अहम होगी। विभागीय जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

रिपोर्ट-  मणिभूषण शर्मा