मुजफ्फरपुर में ट्रेन के इलेक्ट्रिक इंजन पर चढ़ा युवक, स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस में मची अफरातफरी
मुजफ्फरपुर से ट्रेन संख्या 12557 स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस आनंद विहार के लिए रवाना हुई थी। इसी दौरान एक युवक ट्रेन के इलेक्ट्रिक इंजन के ऊपर चढ़ गया।
Bihar News : बिहार के मुजफ्फरपुर में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस के इलेक्ट्रिक इंजन के ऊपर एक मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक चढ़ गया। घटना की जानकारी मिलते ही रेल पुलिस और प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। युवक की जान को खतरे में देखते हुए तत्काल कार्रवाई की गई और ट्रेन को रास्ते में रुकवाया गया।
जानकारी के अनुसार, मुजफ्फरपुर से ट्रेन संख्या 12557 स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस आनंद विहार के लिए रवाना हुई थी। इसी दौरान एक युवक ट्रेन के इलेक्ट्रिक इंजन के ऊपर चढ़ गया। युवक के इंजन पर चढ़े होने की सूचना रेल पुलिस को मिली तो अधिकारियों के बीच अफरातफरी मच गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल संबंधित रेल अधिकारियों और सुरक्षा बलों को अलर्ट किया गया।
इसके बाद पूर्वी चंपारण जिले के चकिया रेलवे स्टेशन पर स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस को रुकवाया गया। यहां रेल पुलिस और प्रशासन की मदद से युवक को सुरक्षित इंजन के ऊपर से नीचे उतारा गया। राहत की बात रही कि इस घटना में युवक के सुरक्षित बचने की जानकारी सामने आई है।
रेल एसपी ने दिए जांच के निर्देश
मामले को लेकर मुजफ्फरपुर रेल एसपी बीना देवी ने बताया कि घटना उनके संज्ञान में आई है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि युवक ट्रेन के इंजन के ऊपर कैसे चढ़ा और इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था में कहां चूक हुई।
मणिभूषण की रिपोर्ट