Bihar Politics : डॉक्टर और फिल्म निर्माता के बाद अब नीतीश सरकार में मंत्री बनाये गए डॉ सुनील कुमार, आवास पर जश्न का माहौल, कार्यकर्ताओं ने मनाई होली
Bihar Politics : बिहारशरीफ से पांच बार विधायक रह चुके डॉ सुनील कुमार को नीतीश कैबिनेट में मंत्री बनाया गया है. जिसके बाद उनके आवास पर जश्न का माहौल है....पढ़िए आगे

NALANDA : नालंदा जिला मुख्यालय बिहारशरीफ के भाजपा विधायक डॉ. सुनील कुमार ने आज पटना में नए मंत्री मंडल विस्तार कार्यक्रम समारोह में मंत्री पद की शपथ ली। नीतीश कुमार के गृह क्षेत्र में बिहारशरीफ में विधायक के आवास पर उनके समर्थकों द्वारा अबीर गुलाल लगाकर एक दूसरे को मिठाई खिलाकर जश्न मनाया जा रहा है। इस दौरान पूर्व मेयर सुधीर कुमार एवं स्थानीय लोगों ने कहा कि वे लंबे समय से इस पल का इंतजार कर रहे थे। मंत्री बनने के बाद क्षेत्र में विकास कार्यों की गति और तेज होने की उम्मीद जताई जा रही है। जश्न के दौरान लोगों ने "डॉ. सुनील कुमार जिंदाबाद" के नारे लगाए और उनकी उपलब्धियों को सराहा।
समर्थकों का कहना है कि उनके नेतृत्व में क्षेत्र का विकास नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की दिशा में और ठोस कदम उठाए जाएंगे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में हुए इस कैबिनेट विस्तार में भाजपा कोटे से कुल सात विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ग्रहण की। इनमें डॉ. सुनील के अलावा संजय सरावगी, राजू सिंह, मोती लाल प्रसाद, कृष्ण कुमार मंटू, विजय कुमार मंडल और जीवेश मिश्रा शामिल हैं। डॉ. सुनील कुमार नालंदा जिले के बिहारशरीफ विधानसभा क्षेत्र से 5 बार विधायक चुने गए हैं। उनका जन्म 20 जनवरी 1957 को नालंदा में हुआ था। MBBS की डिग्री प्राप्त करने के बाद उन्होंने 1995 में राजनीति में कदम रखा है। राजनीति की शुरुआत 1995 में समता पार्टी से किया था। लेकिन पार्टी से टिकट नहीं मिलने के बाद दो बार निर्दलीय चुनाव लड़ा और दोनों बार हार मिली। लेकिन दूसरे नंबर पर मौजूद रहे। राजनीती में आने से पहले वे चिकित्सक के रूप में कार्यरत थे।
उन्होंने अपने करियर में तीन भोजपुरी फिल्मों का निर्माण भी किया है। डॉ. सुनील कुमार ने 2005 और 2010 में जदयू के टिकट पर बिहारशरीफ से विधानसभा चुनाव जीता। 2013 में जदयू से अलग होकर भाजपा में शामिल हुए और 2015 तथा 2020 में भाजपा के टिकट पर पुनः विधायक निर्वाचित हुए। ओबीसी (कोइरी/कुशवाहा) समुदाय से आने वाले डॉ. सुनील कुमार ने अपने क्षेत्र में मजबूत पकड़ बनाई है। इस कैबिनेट विस्तार के माध्यम से भाजपा ने बिहार में अपने राजनीतिक समीकरणों को और मजबूत किया है।
नालंदा से राज की रिपोर्ट