पटना पुलिस का 'साइबर प्रहार': 6 दिन चार राज्य में ₹81 लाख डकारने वाले अकाउंट होल्डर पर गिरा गाज!
पटना पुलिस के 'साइबर प्रहार' अभियान के तहत कंकड़बाग से एक बैंक खाता धारक को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के खाते से मात्र 6 दिनों में 81 लाख रुपये का संदिग्ध ट्रांजेक्शन हुआ था, जिसके तार 4 अन्य राज्यों के साइबर अपराधों से जुड़े पाए गए हैं।
Patna - : राजधानी में साइबर अपराधियों के सिंडिकेट को ध्वस्त करने के लिए पटना साइबर थाना पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। इसी कड़ी में पुलिस ने एक ऐसे व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जिसने अपने बैंक खाते का इस्तेमाल संदिग्ध लेनदेन के लिए किया था। पटना साइबर थाना डीएसपी सह थानाध्यक्ष नीतिश चंद्र धारिया के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई ने साइबर जालसाजों के नेटवर्क को बड़ा झटका दिया है।
06 दिनों में ₹81,00,000 का ट्रांजेक्शन
जांच के दौरान पुलिस को कंकड़बाग थाना क्षेत्र के एक निवासी के बैंक खाते में असामान्य गतिविधि देखने को मिली। इस खाते से महज 6 दिनों के भीतर ₹81 लाख का भारी-भरकम ट्रांजेक्शन किया गया था। जब पुलिस ने अकाउंट धारक से इस बड़ी राशि के स्रोत और लेनदेन के बारे में पूछताछ की, तो वह कोई भी संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।
देशभर में फैला था जाल, 4 राज्यों में दर्ज थी शिकायत
तकनीकी जांच और डेटा विश्लेषण के दौरान यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि जिस अकाउंट से यह लेनदेन किया जा रहा था, उसके खिलाफ पहले से ही 04 अलग-अलग राज्यों में साइबर धोखाधड़ी की शिकायतें दर्ज थीं। इससे यह स्पष्ट हो गया कि इस खाते का उपयोग देशव्यापी स्तर पर साइबर अपराध की राशि को खपाने के लिए किया जा रहा था।
पुलिस की कार्रवाई और अहम सुराग
संदेह पुख्ता होने पर पुलिस ने आरोपी को तत्काल गिरफ्तार कर लिया और उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। पूछताछ के दौरान गिरफ्तार अपराधी से पुलिस को साइबर सिंडिकेट के संचालन और उनके नेटवर्क के बारे में कई अहम जानकारियां हासिल हुई हैं। पुलिस अब उन मास्टरमाइंड्स की तलाश कर रही है जो ऐसे बैंक खातों को किराये पर लेकर या लालच देकर अपराध के लिए इस्तेमाल करते हैं।
रिपोर्ट - अनिल कुमार