Nalanda Road Accident: दो वाहनों की जबरदस्त टक्कर में पति की मौत, पत्नी की हालत गंभीर , परिजनों में मचा कोहराम

Nalanda Road Accident: नालंदा में भीषण सड़क दुर्घटना में पति की मौत हो गई है। वहीं पत्नी की हालत गंभीर बताई जा रही है...

Nalanda Road Accident
नालंदा में भीषण सड़क दुर्घटना - फोटो : Reporter

Nalanda Road Accident:राजगीर थाना क्षेत्र के किला मैदान के पास गुरुवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसे में एक व्यक्ति की जान चली गई, जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। मृतक की पहचान सिलाव थाना क्षेत्र के कड़ाह गांव निवासी सुरेंद्र ठाकुर के रूप में हुई है। उनकी पत्नी राजमणि देवी का इलाज चल रहा है।

परिवार के सदस्यों ने बताया कि गुरुवार शाम दंपति ब्रह्मकुंड में स्नान करने के लिए ई-रिक्शा से जा रहे थे। जब उनका रिक्शा किला मैदान के पास पहुंचा, तो एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ई-रिक्शा पलट गया और दंपति सड़क पर गिर गए।

दुर्घटना के बाद, स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को राजगीर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने सुरेंद्र ठाकुर को मृत घोषित कर दिया। उनकी पत्नी राजमणि देवी की हालत नाजुक है और उनका इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलने पर राजगीर थाना पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। थाना प्रभारी रमण कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस वाहन की पहचान करने में जुटी है। इस दुर्घटना से परिवार में मातम छा गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में भी शोक की लहर है।

रिपोर्ट- राज पाण्डेय

Editor's Picks