Patna Crime News:पटना पुलिस ने किया मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़,हथियार बनाने के उपकरणों के साथ धरा गया आरोपी

पटना पुलिस की बड़ी कार्रवाई! जानीपुर थाना क्षेत्र के नगवाँ टार में चल रही मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी मो० मंजूर हसन को अवैध देशी कट्टा, कारतूस और ड्रिल मशीन जैसे हथियार बनाने के उपकरणों के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया।

Patna police busts illegal mini gun factory

पटना पुलिस को अवैध हथियारों के निर्माण और तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। 13 जुलाई 2026 को जानीपुर थाना पुलिस को एक विश्वसनीय गुप्त सूचना मिली थी कि जानीपुर थाना क्षेत्र के नगवाँ टार गाँव का रहने वाला मो० मंजूर हसन (पिता- जलील महरूम) अपने घर पर अवैध हथियार रखने और उन्हें बनाने (मिनी गन फैक्ट्री चलाने) का काम कर रहा है। सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-2, फुलवारीशरीफ, पटना के नेतृत्व में जानीपुर थानाध्यक्ष द्वारा तुरंत एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।


आरोपी के घर की घेराबंदी और गिरफ्तारी

गठित छापेमारी दल ने बिना वक्त गंवाए त्वरित कार्रवाई करते हुए नगवाँ टार गाँव में आरोपी मो० मंजूर हसन के घर को चारों तरफ से घेर लिया। पुलिस बल ने पूरी मुस्तैदी के साथ घर के भीतर विधिवत छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने मौके से अवैध हथियार बनाने के उपकरण और हथियारों के साथ आरोपी मो० मंजूर हसन को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।


हथियार और उपकरण बनाने की सामग्री बरामद

पुलिस की इस छापेमारी के दौरान आरोपी के घर से भारी मात्रा में अवैध हथियार और उन्हें असेंबल करने की सामग्रियां बरामद की गईं। बरामदगी की सूची में 01 अवैध देशी कट्टा, 01 देशी कट्टे की बॉडी, 01 देशी कट्टे का बैरल, 02 जिंदा कारतूस, 01 ड्रिल मशीन, 01 मोबाइल फोन और 01 काले रंग का टुल बॉक्स (जिसमें घिसाई, कटाई, पॉलिश और जंग हटाने की पूरी एक्सेसरीज किट मौजूद थी) शामिल है। इन बरामदगी से साफ होता है कि यहाँ बड़े पैमाने पर अवैध हथियार तैयार किए जा रहे थे।


आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू

इस पूरे मामले में जानीपुर थाना पुलिस ने त्वरित कानूनी कार्रवाई करते हुए आर्म्स एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत कांड संख्या- 213/26 (दिनांक 14.07.2026) दर्ज कर लिया है। इस सफल छापेमारी को अंजाम देने वाली टीम में जानीपुर थाना के पु०अ०नि० सह थानाध्यक्ष सागर, पु०अ०नि० संजीव कुमार, पु०अ०नि० महेश दास और जानीपुर थाने का सशस्त्र बल शामिल रहा। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर इस अवैध नेटवर्क के अन्य कड़ियों का पता लगाने में जुटी है।

रिपोर्ट- रंजीत कुमार