चुल्लू भर पानी में डूब जा रहा नवादा ! जलजमाव के खिलाफ फूटा गुस्सा, सड़क जाम कर सांसद-विधायक के खिलाफ नारेबाजी
Bihar News : बिहार में भले ही अभी तक झमाझम बारिश का इतंजार लोगों को है लेकिन नवादा में स्थिति है कि बिना बारिश के ही शहर के एक हिस्से में लोग जल जमाव से परेशान हैं। यानी चुल्लू भर पानी में नवादा का रोह बाजार का सिउर रोड बजबजा रहा है। नवादा जिले के रोह बाजार स्थित सिउर रोड पर जलजमाव से परेशान नागरिकों ने बुधवार को सड़क जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने स्थानीय सांसद और विधायक के खिलाफ भी नारेबाजी की, आरोप लगाया कि जनप्रतिनिधियों और प्रशासन ने उनकी समस्या पर ध्यान नहीं दिया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि वे पिछले लगभग दस वर्षों से जलजमाव की इस समस्या से जूझ रहे हैं। उन्होंने कई बार सांसद, विधायक और प्रशासनिक अधिकारियों से इस संबंध में शिकायत की, लेकिन उनकी गुहार पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। नवादा के सांसद और गोविंदपुर के विधायक के खिलाफ भी लोगों ने नारे बाजी किया है.
जलजमाव के कारण सड़क पर आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। प्रदर्शनकारियों के अनुसार, प्रतिदिन औसतन 4-5 टोटो और बाइक पलट जाते हैं, जिससे यात्री घायल होते हैं। बुधवार को भी इसी स्थान पर एक टोटो पलट गया, जिसमें चालक सहित करीब आधा दर्जन छात्र चोटिल हो गए। इस घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
अमन की रिपोर्ट