Bihar Education: सारण की शिक्षिका सुभद्रा भवानी बनीं राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर, शिक्षकों को देंगी खास ट्रेनिंग

Bihar Education: सारण के तरैया स्थित उच्च माध्यमिक विद्यालय की शिक्षिका सुभद्रा भवानी राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर बनी हैं। वह सरकारी स्कूलों के शिक्षकों को किशोरियों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और अधिकारों पर प्रशिक्षण देंगी।

Bihar Education

Bihar Education: छपरा के सारण जिले के तरैया स्थित उच्च माध्यमिक विद्यालय, परौना बालक की शिक्षिका सुभद्रा भवानी को राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर के रूप में प्रशिक्षित किया गया है। बिहार शिक्षा परियोजना परिषद की इस पहल के तहत वह अब जिले के सरकारी उच्च विद्यालयों के शिक्षकों को प्रशिक्षण देंगी। इसका उद्देश्य किशोरियों को स्वास्थ्य, व्यक्तिगत सुरक्षा और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना है।


पटना में आयोजित हुआ राज्य स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम


इस संबंध में 29 अक्टूबर को पटना स्थित बिहार शिक्षा परियोजना परिषद में राज्य स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। बिहार शिक्षा परियोजना परिषद और राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (SCERT) ने यूनिसेफ के सहयोग से किशोरावस्था कार्यक्रम के तहत यह प्रशिक्षण दिया। इस कार्यक्रम में माध्यमिक स्तर की छात्राओं को ध्यान में रखते हुए किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक और मानसिक बदलावों, स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों, व्यक्तिगत सुरक्षा और कानूनी व सामाजिक अधिकारों की जानकारी देने पर जोर दिया गया।


जिले के सरकारी स्कूलों के शिक्षकों को देंगी प्रशिक्षण


राज्य स्तरीय प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद सुभद्रा भवानी सारण जिले में मास्टर ट्रेनर की जिम्मेदारी निभाएंगी। उनके माध्यम से जिले के अलग-अलग सरकारी उच्च विद्यालयों से दो-दो शिक्षकों को प्रशिक्षित किया जाएगा। इसमें एक महिला और एक पुरुष शिक्षक शामिल होंगे। प्रशिक्षण के बाद ये शिक्षक अपने-अपने विद्यालयों में छात्राओं से संवाद करेंगे। उनकी समस्याओं और जिज्ञासाओं को समझकर उन्हें स्वास्थ्य, सुरक्षा और अधिकारों से जुड़ी जरूरी जानकारी देंगे।


किशोरियों में आत्मविश्वास बढ़ाना है पहल का उद्देश्य


इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यालयों में ऐसा सुरक्षित और सहयोगात्मक माहौल तैयार करना है, जहां किशोरियां बिना किसी झिझक के अपनी समस्याएं साझा कर सकें। उन्हें किशोरावस्था के दौरान होने वाले बदलावों को समझने, अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और किसी भी तरह की असुरक्षा या भेदभाव की स्थिति में अपने अधिकारों के बारे में जानकारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। सुभद्रा भवानी का राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर के रूप में चयन तरैया और सारण जिले के लिए उपलब्धि माना जा रहा है। उम्मीद है कि उनके प्रशिक्षण और मार्गदर्शन से जिले के सरकारी विद्यालयों में किशोरियों से जुड़े जागरूकता कार्यक्रमों को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।


शिक्षकों और विद्यालय परिवार ने दी बधाई


सुभद्रा भवानी की इस उपलब्धि पर सरपंच संघ के प्रदेश महासचिव सुनील कुमार तिवारी और विद्यालय के प्रधानाध्यापक राकेश कुमार पांडेय सहित विद्यालय के शिक्षकों और कर्मचारियों ने खुशी जताई है। इस अवसर पर शिक्षक मनोज कुमार सिंह, विकास पासवान, रवि रंजन, श्यामकेश यादव, अनूप कुमार, अनुज कुमार, वजीर अहमद, सरिता कुमारी, मनीष कुमार सिंह, आदित्य कुमार, संजय गिरी, सीमा, स्वीटी कुमारी, महिमा और अजीत समेत पूरे विद्यालय परिवार ने उन्हें बधाई दी। सभी ने उम्मीद जताई कि उनके प्रयासों से किशोरियों को जागरूक, आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बनाने में मदद मिलेगी।

छपरा धर्मेंद्र रस्तोगी की रिपोर्ट