Bihar Rain Update: बिहार के इस जिलें में जून महीने में हुई रिकॉर्ड बारिश, 4 सालों में सबसे ज्यादा, अगले तीन दिनों तक के लिए चेतावनी जारी
Bihar Rain Update: बिहार में मानसून सक्रिय है। बिहार के तमाम जिलों में झमाझम बारिश हो रही है। इसी कड़ी में प्रदेश के एक जिले में 4 सालों में सबसे अधिक वर्षा दर्ज की गई है।
बिहार के नवादा जिले में इस साल जून महीने में रिकॉर्डतोड़ बारिश हुई है। मौसम विभाग के अनुसार इस माह अब तक 150.8 मिमी वर्षा दर्ज की गई है जो पिछले चार वर्षों की तुलना में सबसे अधिक है। यह जून महीने की सामान्य वर्षा का 112% अधिक है। पिछले तीन वर्षों में जून के दौरान जिले में क्रमश: 65.9 मिमी (2024), 35.36 मिमी (2023) और 37.4 मिमी (2022) बारिश हुई थी। इस बार इन आंकड़ों की तुलना में ढाई से पांच गुना तक अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई है।
अगले तीन दिनों के लिए चेतावनी जारी
जून के 26 दिनों में केवल 10 दिन ऐसे रहे जब बारिश नहीं हुई। जिले के विभिन्न प्रखंडों में कम से कम 5 दिन से लेकर अधिकतम 12 दिन तक बारिश दर्ज की गई। गुरुवार सुबह 8:30 बजे तक ही 13 मिमी बारिश हो चुकी थी। मौसम विभाग ने 28 से 30 जून तक नवादा और आसपास के इलाकों में जोरदार बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान वज्रपात और तेज हवाओं के साथ भारी वर्षा की संभावना जताई गई है।
तापमान में उतार-चढ़ाव की संभावना
कृषि मौसम वैज्ञानिक रौशन कुमार ने बताया कि अगले 3-4 दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की वृद्धि हो सकती है। इसके बाद तापमान में फिर गिरावट आ सकती है। फिलहाल राज्य में अधिकतम तापमान 31.8 से 37.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25.5 से 30.2 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया है।
मानसून के लिए अनुकूल परिस्थितियां
मौसम विभाग के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिम और ओडिशा-पश्चिम बंगाल के तटीय क्षेत्रों में कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। यह प्रणाली उत्तर ओडिशा, गंगीय पश्चिम बंगाल, झारखंड और छत्तीसगढ़ होते हुए पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रही है। इसके अलावा, एक द्रोणिका रेखा उत्तर-पूर्वी अरब सागर से लेकर दक्षिणी गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा होते हुए उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक सक्रिय है जो समुद्र तल से 1.5 किमी से लेकर 7.6 किमी की ऊंचाई तक फैली हुई है।
चार वर्षों में जून महीने का वर्षा आंकड़ा
वर्ष वर्षापात (मिमी)
2025 150.8
2024 65.9
2023 35.36
2022 37.4