Bihar Crime : मुजफ्फरपुर में बदमाशों ने 12 वर्षीय मासूम के साथ की दरिंदगी, एसएसपी का बड़ा ऐलान- कहा 'पूरे देह व्यापार सिंडिकेट का करेंगे सफाया'

Bihar Crime : मुजफ्फरपुर में  बदमाशों ने 12 वर्षीय मासूम के

MUZAFFARPUR : जिले में मानवता को झकझोर देने वाली एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां एक 12 वर्षीय मासूम बच्ची को दरिंदगी का शिकार बनाया गया। इस जघन्य अपराध के बाद जिले के पुलिस कप्तान (SSP) कांतेश कुमार मिश्रा पूरी तरह एक्शन मोड में आ गए हैं। एसएसपी ने कड़े शब्दों में चेतावनी दी है कि यह केवल एक अपराधी की करतूत नहीं, बल्कि एक सुनियोजित सिंडिकेट का हिस्सा है। उन्होंने साफ तौर पर कहा है कि इस पूरे नेटवर्क को जड़ से उखाड़ फेंका जाएगा ताकि भविष्य में कोई और मासूम इनका शिकार न बने।

बहला-फुसलाकर ले गईं तीन महिलाएं, नशा देकर मासूम से क्रूरता

वारदात गुरुवार शाम की है, जब बच्ची को तीन महिलाओं ने अपनी बातों में फंसाया और उसे साथ ले गईं। आरोप है कि इन महिलाओं ने मासूम की चीखें अनसुनी कर दीं और उसे हवस के शिकार होने के लिए अपराधियों के हवाले कर दिया। दरिंदगी की हद तो तब पार हो गई जब बच्ची की आवाज दबाने के लिए उसे नशीली दवाएं दे दी गईं। अत्यधिक नशे और शारीरिक प्रताड़ना के कारण बच्ची की स्थिति बेहद गंभीर बनी हुई है और वह फिलहाल अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रही है।

तीन महिला आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी के लिए छापेमारी जारी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। टाउन डीएसपी सुरेश कुमार और थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए साजिश में शामिल तीनों आरोपी महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया है। मौके पर एफएसएल (FSL) की टीम को बुलाकर वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए गए हैं। हालांकि, घटना का मुख्य आरोपी अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए डीएसपी के नेतृत्व में गठित विशेष टीम (SIT) लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

देह व्यापार से जुड़े सिंडिकेट का खुलासा, एसएसपी का सख्त रुख

पूरे मामले पर सख्त रुख अपनाते हुए एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह पूरा मामला देह व्यापार (सेक्स रैकेट) के एक बड़े सिंडिकेट से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। उन्होंने कहा कि गिरफ्तार महिलाओं के बयान विरोधाभासी हैं, जिससे स्पष्ट है कि वे कुछ बड़ा छिपा रही हैं। एसएसपी के अनुसार, यह गिरोह मासूम बच्चियों को बहला-फुसलाकर इस गंदे धंधे में धकेलने का काम करता है। इस मामले में एक और महिला की संलिप्तता सामने आई है, जिसकी तलाश की जा रही है।

स्पीडी ट्रायल चलाकर दोषियों को दिलाई जाएगी सजा

पुलिस कप्तान ने मुजफ्फरपुर की जनता को भरोसा दिलाया है कि इस मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस का लक्ष्य न केवल मुख्य आरोपी को सलाखों के पीछे भेजना है, बल्कि इस पूरे सिंडिकेट को ध्वस्त करना है। एसएसपी ने संकेत दिए हैं कि मामले की गंभीरता को देखते हुए साक्ष्यों को मजबूती से कोर्ट में पेश किया जाएगा ताकि अपराधियों को कड़ी से कड़ी सजा मिल सके। इस घटना के बाद से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है और सभी मासूम के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं। 

मणिभूषण की रिपोर्ट