फांसी के फंदे से झूलता मिला 25 वर्षीय विवाहिता का शव, पति और सास पर हत्या का आरोप

नवादा जिले से एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति मे मौत का मामला सामने आया है। मृतका के मायके वालों ने उसके पति और सास पर दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया है.....

नवादा में विवाहिता की संदिग्ध मौत- फोटो : अमन सिन्हा

Nawada : जिले के नरहट थाना क्षेत्र के मिल्की गांव में 25 वर्षीय विनिता कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतका का शव घर से बरामद होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। घटना की जानकारी मिलते ही विनिता के मायके वाले बदहवास हालत में पहुंचे और उन्होंने विनिता के पति और सास पर सोची-समझी साजिश के तहत हत्या करने का सीधा आरोप लगाया है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया है।


नशेड़ी पति रोज करता था मारपीट, प्रताड़ना से तंग आ चुकी थी मृतका

मृतका के पिता ने रोते हुए पुलिस को बताया कि उनकी बेटी विनिता की शादी पांच साल पहले बड़े ही अरमानों के साथ मिल्की गांव निवासी सोनू कुमार से हुई थी। लेकिन शादी के कुछ समय बाद ही दामाद सोनू कुमार नशे का आदी हो गया। वह अक्सर नशे की हालत में घर आता और विनिता के साथ बेरहमी से मारपीट व गाली-गलौज करता था। पिता का आरोप है कि उनका दामाद और सास मिलकर विनिता को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे।


हत्या को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे से लटकाने का आरोप

पीड़ित पिता के अनुसार, शनिवार की रात भी सोनू और उसकी मां ने मिलकर विनिता के साथ बुरी तरह मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई। आरोप है कि अपनी इस घिनौनी करतूत और कानून के शिकंजे से बचने के लिए आरोपियों ने मृतका के शव को फांसी के फंदे से लटका दिया, ताकि यह पूरा मामला एक सामान्य आत्महत्या का रूप ले सके। विनिता के पिता ने इस क्रूर हत्याकांड में पति और सास दोनों की संलिप्तता बताते हुए प्रशासन से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।


दहेज के लिए भी किया जा रहा था तंग, पीछे छोड़ गई तीन साल का मासूम बेटा

इस दर्दनाक घटना की औपचारिक सूचना रविवार को स्थानीय पुलिस को दी गई। विनिता की मौत के बाद पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। वह अपने पीछे तीन वर्ष के एक मासूम बेटे को छोड़ गई है, जिसका रोना देखकर वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गईं। मृतका के पिता ने अपनी शिकायत में यह भी दर्ज कराया है कि नशे के अलावा ससुराल वालों द्वारा लगातार की जा रही दहेज की मांग और प्रताड़ना भी उनकी बेटी की मौत का एक मुख्य कारण है।


लिखित आवेदन के आधार पर नरहट पुलिस मामले की तफ्तीश में जुटी

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शव को पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए नवादा सदर अस्पताल भेज दिया है। नरहट थाना प्रभारी गौतम कुमार ने बताया कि पुलिस इस पूरे मामले की हर एंगल से सूक्ष्मता से जांच कर रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि मृतका के पिता द्वारा दिए गए लिखित आवेदन के आधार पर प्राथमिकी (FIR) दर्ज की जा रही है और नियमसंगत कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


अमन सिन्हा की रिपोर्ट