Bihar News : नवादा में सड़क किनारे मिला 28 वर्षीय युवक का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, जांच में जुटी पुलिस

Bihar News : नवादा जिले के नरहट थाना क्षेत्र में शनिवार को एक युवक का शव सड़क किनारे बरामद हुआ है। परिजनों ने उसकी हत्या की आशंका जताई है........पढ़िए आगे

युवक का मिला शव - फोटो : AMAN

NAWADA : जिले के नरहट थाना क्षेत्र अंतर्गत चातर हॉल्ट के समीप शनिवार को सड़क किनारे एक युवक का शव बरामद होने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की शिनाख्त रजौली थाना क्षेत्र के करमा केंदुआ गांव निवासी राजेंद्र यादव के 28 वर्षीय पुत्र नंदू कुमार के रूप में की गई है। अज्ञात परिस्थितियों में शव मिलने की खबर फैलते ही घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, नंदू शनिवार को अपने पैतृक गांव करमा केंदुआ से ननिहाल हासापुर जाने के लिए निकला था। परिजनों ने बताया कि वह समय पर अपने गंतव्य नहीं पहुंचा और बाद में उसका शव चातर हॉल्ट के पास लावारिस हालत में मिला। परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए आशंका जताई है कि नंदू की हत्या किसी अन्य गुप्त स्थान पर सुनियोजित तरीके से की गई और साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से शव को यहां सड़क किनारे फेंक दिया गया।

मृतक के मामा विक्कू यादव ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि नंदू घर से ननिहाल के लिए रवाना हुआ था और उसकी किसी से कोई प्रत्यक्ष रंजिश की जानकारी नहीं थी। मृतक अपने पीछे पत्नी और तीन मासूम बच्चों को छोड़ गया है। घर के कमाऊ सदस्य की असमय और संदिग्ध मौत से पीड़ित परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

सड़क किनारे शव मिलने की सूचना मिलते ही नरहट थानाध्यक्ष गौतम कुमार दलबल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद शव को कब्जे में लेकर कागजी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास से साक्ष्य जुटाए हैं और स्थानीय लोगों से संदिग्ध गतिविधियों को लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

थानाध्यक्ष गौतम कुमार ने बताया कि मामले की हर पहलू से गहन तफ्तीश की जा रही है और घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवक यात्रा के दौरान आखिरी बार किन लोगों के संपर्क में था, वह चातर हॉल्ट तक किन परिस्थितियों में पहुंचा और इस वारदात में किन अपराधियों का हाथ है।

अमन सिन्हा की रिपोर्ट