Bihar News: अब नवादा में चलेगा बुलडोजर ! जिला प्रशासन ने 259 लोगों को थमाया नोटिस, मचा हड़कंप

Bihar News:

259 लोगों को नोटिस - फोटो : reporter

बिहार के नवादा जिले के रजौली में प्रशासन ने अतिक्रमणकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का निर्देश दिया है। नगर पंचायत में बढ़ते जाम और सड़कों पर अवैध कब्जों को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। अतिक्रमण नहीं हटाने वालों पर बुलडोजर चलाने की चेतावनी दी गई है। रजौली प्रखंड सह अंचल कार्यालय के सभागार में सीओ सह नगर पंचायत के प्रभारी ईओ गुफरान मजहरी की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक हुई।

सराकरी जमीन पर अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं 

इसमें बाजार के स्थायी और अस्थायी दुकानदारों को स्पष्ट संदेश दिया गया कि सरकारी जमीन पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अंचलाधिकारी ने सभी अतिक्रमणकारियों को 17 फरवरी तक का समय देते हुए अल्टीमेटम दिया है। उन्हें स्वेच्छा से अपने अवैध निर्माण और दुकानें हटाने को कहा गया है। निर्धारित समय सीमा के भीतर ऐसा न करने पर प्रशासन बुलडोजर चलाकर अतिक्रमण मुक्त अभियान शुरू करेगा। इस अभियान में होने वाले व्यय की भरपाई भी संबंधित दुकानदारों से ही की जाएगी।

259 लोगों को भेजा गया नोटिस 

इससे पहले, रजौली बाजार के अवैध ठेला चालकों और अन्य अतिक्रमणकारियों को चिन्हित कर कुल 259 लोगों को नोटिस जारी किया गया था। इसी क्रम में हुई सुनवाई के दौरान लगभग 200 दुकानदार अंचल कार्यालय पहुंचे। हालांकि, सीओ के समक्ष सुनवाई में कोई भी व्यक्ति प्रश्नगत सरकारी भूमि से संबंधित वैध दस्तावेज या मालिकाना हक का प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सका।

हर हाल में खाली होगा अतिक्रमण 

प्रशासन ने सख्त लहजे में कहा है कि बजरंगबली चौक से पुरानी बस स्टैंड और मुख्य चौक से ब्लॉक रोड तक की संकरी हो चुकी सड़कों को हर हाल में खाली कराया जाएगा। इसका उद्देश्य आम जनता को रोज-रोज के जाम से मुक्ति दिलाना है।

नवादा से अमन की रिपोर्ट