नवादा में उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ संपन्न हुआ छठ महापर्व, घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

नवादा जिले में उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ लोक आस्था का महापर्व छठ श्रद्धा और भक्ति के माहौल में संपन्न हो गया। नगर परिषद की सफाई और आपसी सहयोग से आयोजन भव्य रहा....

उदीयमान सूर्य को अर्ध्य के साथ छठ संपन्न- फोटो : अमन सिन्हा

Nawada : जिले में लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा का चार दिवसीय अनुष्ठान उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ श्रद्धा और भक्ति के माहौल में संपन्न हो गया। सोमवार सुबह करीब 6:04 बजे भगवान भास्कर के दर्शन के बाद व्रतियों ने सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। नवादा के प्रसिद्ध सूर्य मंदिर घाट, मोती बीघा घाट, शोभिया मंदिर घाट और मंगल बीघा समेत शहर के तमाम छठ घाटों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और चारों ओर छठी मइया के गीतों से भक्तिमय माहौल बना रहा।


नगर परिषद की सफाई और आपसी सहयोग से सजा आयोजन


छठ महापर्व को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और नगर परिषद की ओर से व्यापक तैयारियां की गई थीं। नगर परिषद ने घाटों और आसपास के रास्तों की सफाई के साथ श्रद्धालुओं को जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया। इस महापर्व में खास और आम सभी लोगों ने मिलकर आपसी सहयोग और भाईचारे के साथ पर्व मनाया।


डीएम, एसपी और अधिकारियों की मुस्तैदी से रही पुख्ता सुरक्षा

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नवादा के जिलाधिकारी रवि प्रकाश और पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान लगातार मुस्तैद रहे। वहीं अनुमंडल पदाधिकारी अमित अनुराग और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी हुलास कुमार विभिन्न छठ घाटों पर पहुंचकर लगातार पैदल गश्त करते रहे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे। पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती के बीच श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्ण माहौल में पूजा-अर्चना की।


सामाजिक संगठनों और समाजसेवियों ने लगाए सेवा शिविर

छठ घाटों पर विभिन्न सामाजिक संगठनों, समितियों और समाजसेवियों की ओर से सेवा शिविर लगाए गए थे। कहीं श्रद्धालुओं के बीच निशुल्क पानी का वितरण किया गया तो कहीं अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं, जिससे व्रतियों और परिजनों को काफी सहूलियत मिली।


शांति और सौहार्द के साथ पूरा हुआ चार दिवसीय अनुष्ठान

प्रशासनिक सतर्कता, नगर परिषद की सफाई व्यवस्था, पूजा समितियों की तैयारी, समाजसेवियों की सेवा और आम नागरिकों के आपसी सहयोग से नवादा में छठ महापर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो गया।


अमन की रिपोर्ट