नवादा में छठ के पहले कोबरा का आतंक, सांप के डसने से पांच वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत

हृदयविदारक घटना नवादा जिले के नरहट थाना क्षेत्र के पुनौल गांव की है। बताया जाता है कि पांच वर्षीय दिव्यांशु कुमारी घर के पास खेल रही थी। इसी दौरान अचानक एक जहरीले कोबरा सांप ने उसे डस लिया।

Nawada Snakebite Incident- फोटो : news4nation

Bihar News :  बिहार के नवादा जिले में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया। घर के पास खेल रही पांच वर्षीय मासूम बच्ची को जहरीले कोबरा सांप ने डस लिया। सांप के डसने के महज 15 मिनट के भीतर बच्ची की हालत बिगड़ गई। परिजन आनन-फानन में उसे लेकर अस्पताल पहुंचे, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद मासूम की जान नहीं बचाई जा सकी। इस घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।


जानकारी के अनुसार, यह हृदयविदारक घटना नवादा जिले के नरहट थाना क्षेत्र के पुनौल गांव की है। बताया जाता है कि पांच वर्षीय दिव्यांशु कुमारी घर के पास खेल रही थी। इसी दौरान अचानक एक जहरीले कोबरा सांप ने उसे डस लिया। सांप के डसते ही बच्ची की हालत बिगड़ने लगी। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों और परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। परिवार के लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही बच्ची की तबीयत लगातार खराब होने लगी।


परिजनों के मुताबिक, सांप के डसने के करीब 15 मिनट के अंदर ही बच्ची की हालत काफी गंभीर हो गई थी। इसके बाद परिवार के लोग बिना देर किए उसे लेकर अस्पताल पहुंचे। परिजन अपने मोबाइल फोन में सांप की तस्वीर भी लेकर अस्पताल पहुंचे थे, ताकि चिकित्सकों को यह जानकारी मिल सके कि बच्ची को किस प्रकार के सांप ने डसा है। अस्पताल में डॉक्टरों ने बच्ची को बचाने के लिए हरसंभव प्रयास किया, लेकिन उसकी स्थिति में सुधार नहीं हो सका। आखिरकार चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।


मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घर की सबसे छोटी बेटी होने के कारण वह सभी की लाडली थी। जिस घर में कुछ देर पहले तक बच्ची की हंसी और खेलकूद की आवाज गूंज रही थी, वहां देखते ही देखते चीख-पुकार मच गई। मां-बाप और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।


इस घटना के बाद पुनौल गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। ग्रामीण भी इस हादसे से स्तब्ध हैं। एक छोटी सी बच्ची की इस तरह असमय मौत ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया है।

अमन की रिपोर्ट