चंडीनामा मंदिर जीर्णोद्धार में उमड़ा जनसैलाब, सांसद विवेक ठाकुर और विधायक अनंत सिंह ने टेका माथा

Bihar News : जिले के चंडीनामा गांव में माँ चंडी मंदिर के जीर्णोद्धार पर भक्ति का सैलाब उमड़ पड़ा। त्रिदिवसीय पूजन के दौरान जहां एक ओर पंच कलश स्थापना और धर्म ध्वज के साथ आध्यात्मिक अनुष्ठान पूरे किए गए,

नवादा में चंडीनामा मंदिर जीर्णोद्धार- फोटो : अमन सिन्हा

Nawada : जिले के चंडीनामा गांव में स्थित प्राचीन मंदिर के जीर्णोद्धार के शुभ अवसर पर पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया। इस धार्मिक अनुष्ठान के दौरान चंडीनामा गांव में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। भक्ति और उत्साह के इस संगम में राजनीतिक दिग्गजों की मौजूदगी ने इस कार्यक्रम को और भी खास बना दिया। मंदिर परिसर में माँ चंडी के जयकारों से पूरा वातावरण गुंजायमान रहा।

इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नवादा के सांसद विवेक ठाकुर और मोकामा के कद्दावर नेता व विधायक अनंत सिंह शामिल हुए। उनके साथ जिला परिषद सदस्य अंजनी सिंह, कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष सतीश सिंह उर्फ मंटन और पूर्व जिला परिषद अखिलेश सिंह ने भी शिरकत की। इन सभी नेताओं ने मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की और माँ चंडी से क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और जन-कल्याण के लिए आशीर्वाद मांगा।

त्रिदिवसीय इस महापूजन कार्यक्रम की शुरुआत बड़े ही नियम-निष्ठा के साथ हुई। अनुष्ठान के दौरान पंच कलश स्थापना और धर्म ध्वज के विधिवत पूजन का आयोजन किया गया। वैदिक मंत्रोच्चारण और शंखध्वनि के बीच धर्म ध्वज फहराया गया, जिसे देखने के लिए दूर-दराज के गांवों से भी लोग पहुंचे। ग्रामीणों के सहयोग से आयोजित इस भव्य पूजन ने गांव में एक नई आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार कर दिया है।

कार्यक्रम में विशेष आकर्षण का केंद्र मोकामा विधायक अनंत सिंह रहे। जैसे ही वे चंडीनामा पहुंचे, उन्हें देखने के लिए लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। विधायक की एक झलक पाने और उनकी बातों को सुनने के लिए वहां मौजूद लोग काफी उत्साहित दिखे। युवाओं और स्थानीय निवासियों के बीच उनके प्रति ऐसी दीवानगी देखी गई कि लोग उनकी हर गतिविधि और भाषण को अपने मोबाइल कैमरों में कैद करने की होड़ में लगे रहे।

समापन के दौरान नेताओं ने स्थानीय लोगों से संवाद किया और मंदिर की ऐतिहासिक महत्ता पर चर्चा की। सांसद विवेक ठाकुर ने मंदिर के जीर्णोद्धार को सांस्कृतिक विरासत को संजोने की दिशा में एक बड़ा कदम बताया। आयोजन समिति और ग्रामीणों ने सभी अतिथियों का भव्य स्वागत किया। इस सफल आयोजन ने न केवल धार्मिक एकता का संदेश दिया, बल्कि क्षेत्र में भाईचारे और उल्लास की एक नई मिसाल पेश की।

अमन सिन्हा की रिपोर्ट