नवादा मे राजस्व वसूली में तेजी लाने का निर्देश, बिना हेलमेट-सीट बेल्ट पर सख्ती, 16 हजार चालान लोक अदालत में निपटेंगे

Nawada : जिले में जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) रंजीत कुमार की अध्यक्षता में परिवहन प्रवर्तन पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई, जिसमें राजस्व वसूली में तेजी लाने और यातायात नियमों का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया। बैठक में बताया गया कि इस माह 109 लाख रुपये के लक्ष्य के विरुद्ध 1,154 वाहनों पर 92,29,450 रुपये का चालान निर्गत किया गया है, जो लक्ष्य का लगभग 85 प्रतिशत है। इसके साथ ही आगामी 12 दिसंबर 2026 को राष्ट्रीय लोक अदालत में 16,000 से अधिक लंबित चालानों के निपटान की तैयारियों की समीक्षा की गई, जिसमें 50 प्रतिशत तक छूट का प्रावधान बताया गया है।


टैक्स डिफॉल्टरों की पहचान व बिना निबंधन वाले वाहनों के विक्रेताओं पर कार्रवाई के निर्देश

डीटीओ रंजीत कुमार ने टैक्स डिफॉल्टरों की पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया। बैठक के दौरान शहरी क्षेत्रों में वाहन परिचालन और अंतरराज्यीय बसों में अनियमितता की जांच न करने पर अधिकारियों को कड़ी हिदायत दी गई, वहीं बिना निबंधन वाहन चलाने के मामले में कुछ वाहन विक्रेताओं को नोटिस जारी करने और उनकी बिक्री आईडी लॉक करने की प्रक्रिया जारी रहने की जानकारी दी गई।


ई-रिक्शा, टेम्पो, हेलमेट व सीट बेल्ट की नियमित जांच पर जोर

सड़क सुरक्षा और नियम अनुपालन को लेकर डीटीओ ने ई-रिक्शा और टेम्पो के परिचालन की नियमित जांच करने के निर्देश दिए। बिना हेलमेट और बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्ती बरतने तथा लंबित चालान वाले वाहनों की जब्ती की कार्रवाई करने को कहा गया।


रजौली चेकपोस्ट पर कर संग्रह व विशेष वाहनों की जांच का आदेश

बैठक में रजौली चेकपोस्ट पर कर संग्रह को प्रभावी बनाने तथा सुचारु रूप से संचालित करने का निर्देश दिया गया। इसके अतिरिक्त सरकारी बसों, स्कूल वाहनों और एम्बुलेंस की नियमित जांच सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।


राजस्व लक्ष्य पूरा करने व यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने की कवायद

परिवहन प्रवर्तन पदाधिकारियों को सभी निर्देशों का कड़ाई से पालन करते हुए राजस्व संग्रह की गति बनाए रखने को कहा गया है। आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से बड़ी संख्या में लंबित चालानों के निपटारे और नियमित जांच से जिले में यातायात व्यवस्था को और व्यवस्थित करने की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं।


धीरज पराशर की रिपोर्ट