डीएम रवि प्रकाश ने 1800 प्रशिक्षुओं को दिया प्रशासनिक मार्गदर्शन, दायित्वों और जनहित में प्रभावी प्रशासन का पाठ पढ़ाया

डीएम रवि प्रकाश ने 1800 प्रशिक्षुओं को दिया प्रशासनिक मार्गदर्शन- फोटो : अमन सिन्हा

Nawada : बिहार लोक प्रशासन एवं ग्रामीण विकास संस्थान (बीपार्ड), गया द्वारा आयोजित फाउंडेशन-कम-इंडक्शन प्रशिक्षण कार्यक्रम के उद्घाटन समारोह में नवादा के जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश ने शिरकत की। महाबोधि सांस्कृतिक केंद्र, बोधगया में बिहार के राज्यपाल की गरिमामयी मौजूदगी में आयोजित इस कार्यक्रम में बीपीएससी (BPSC) 70वीं संयुक्त परीक्षा से चयनित 29 अलग-अलग सेवाओं के लगभग 1800 नवनियुक्त पदाधिकारियों को प्रशासनिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है।


योजनाओं और दायित्वों की दी विस्तृत जानकारी 

ओरिएंटेशन सत्र को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश ने सभी नवनियुक्त अधिकारियों को उनकी सेवाओं से जुड़ी प्रमुख योजनाओं, कार्यक्षेत्र, चुनौतियों और जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से समझाया। उन्होंने कहा कि भले ही प्रत्येक सेवा की भूमिका अलग-अलग हो, लेकिन सभी प्रशासनिक सेवाओं का अंतिम लक्ष्य पारदर्शी व प्रभावी प्रशासन के जरिए जनहित सुनिश्चित करना है।


सात निश्चय-और लोक सेवा अधिकार पर जोर 

डीएम ने राज्य सरकार की नीतिगत प्राथमिकताओं का उल्लेख करते हुए 'सात निश्चय-3' की मूल अवधारणा और उद्देश्यों से प्रशिक्षुओं को अवगत कराया। उन्होंने कहा कि अधिकारियों की असली परीक्षा योजनाओं का लाभ धरातल पर आम नागरिकों तक पहुंचाना है। इसके अलावा, लोक सेवाओं का अधिकार कानून (RTPS) तथा ऑनलाइन शिकायत निवारण प्रणाली के माध्यम से नागरिकों को समयबद्ध, पारदर्शी और तकनीक-आधारित सेवाएं देने पर विशेष बल दिया।


स्वास्थ्यअनुशासन और सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग की सलाह 

प्रशासनिक सफलता के मूलमंत्र साझा करते हुए नवादा डीएम ने स्वास्थ्य, अनुशासन और व्यवहार-कुशलता को सेवा का अभिन्न अंग बताया। उन्होंने नए अधिकारियों को सोशल मीडिया का इस्तेमाल पूरी जिम्मेदारी और मर्यादा के साथ करने की सलाह दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सूचना साझा करते समय तथ्यों की प्रमाणिकता और प्रशासनिक गोपनीयता का ध्यान रखना बेहद आवश्यक है। अंत में उन्होंने सभी अधिकारियों को शुभकामनाएं दीं।


अमन सिन्हा की रिपोर्ट