11 हजार वोल्ट के तार की चपेट में आने से बुजुर्ग की दर्दनाक मौत, बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप
नवादा जिले से एक बड़ी घटना सामने आई है, जहां बिजली विभाग की लापरवाही के कारण एक बुजुर्ग की जान चली गई है। मृतक खेती के काम से घर से निकले थे उसी दौरान रास्ते में गिरे 11 हजार वोल्ट की तार की चपेट मे आ गए और करंट लगने से मौके पर मौत हो गई....
Nawada : जिले के रोह थाना क्षेत्र अंतर्गत गड़ुरा गांव में बुधवार को एक बड़ा हादसा हो गया, जहां 11 हजार वोल्ट के टूटे बिजली तार की चपेट में आने से 68 वर्षीय राजेंद्र यादव उर्फ राजाराम यादव की मौके पर ही मौत हो गई। वे खेती के काम से घर से निकले थे, तभी रास्ते में गिरे तार की चपेट में आ गए।
अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा गया शव
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण और परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए नवादा सदर अस्पताल लाया गया, जहां कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इस अचानक हुई दुर्घटना से पूरे परिवार में कोहराम मच गया है।
पहले भी हो चुकी थी एक गाय की मौत, विभाग पर लापरवाही का आरोप
मृतक के बेटे ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए बताया कि इसी पोल और टूटे हुए तार की चपेट में आने से कुछ समय पहले उनकी एक गाय की भी मौत हो चुकी है। इसके बावजूद विभाग द्वारा जर्जर तारों को दुरुस्त करने को लेकर कोई कदम नहीं उठाया गया।
कई बार दी गई थी लिखित शिकायत, पर नहीं हुई कार्रवाई
ग्रामीणों का कहना है कि खराब और जर्जर तार-पोल की समस्या की जानकारी बिजली विभाग के अधिकारियों को कई बार दी जा चुकी थी। विभाग को लिखित आवेदन देकर सुधार की मांग भी की गई थी, लेकिन विभागीय अधिकारियों की उदासीनता के कारण समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की गई।
ग्रामीणों में भारी आक्रोश, बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग
इस हृदयविदारक घटना के बाद ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति भारी गुस्सा देखा जा रहा है। लोगों ने स्पष्ट रूप से मांग की है कि इस लापरवाही के लिए जिम्मेदारी तय की जाए और क्षेत्र की जर्जर बिजली व्यवस्था को जल्द से जल्द दुरुस्त किया जाए ताकि किसी और की जान खतरे में न पड़े।
अमन सिन्हा की रिपोर्ट