Bihar News:आधी रात गजराज का आतंक, 5 हाथियों के झुंड ने मचाई तबाही, घर तोड़ा, दहशत में जागते रहे ग्रामीण
Bihar News: जंगली हाथियों का एक झुंड अचानक गांव में घुस आया और जमकर उत्पात मचाया। हाथियों के इस आतंक से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।......
Nawada: जिले में देर रात उस वक्त अफरा-तफरी और खौफ का माहौल पैदा हो गया, जब जंगली हाथियों का एक झुंड अचानक गांव में घुस आया और जमकर उत्पात मचाया। हाथियों के इस आतंक से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों की नींद तब टूटी जब भारी-भरकम हाथियों की आवाज और घर टूटने की धमक सुनाई दी। देखते ही देखते गांव में चीख-पुकार और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
घटना नवादा जिले के नावाडीह गांव की बताई जा रही है, जहां लगभग पांच हाथियों का झुंड देर रात आबादी वाले इलाके में पहुंच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाथियों ने गांव में घुसते ही एक घर को निशाना बनाया और उसे बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। घर में रखा अनाज भी हाथियों के पैरों तले रौंद दिया गया, जिससे परिवार को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
ग्रामीणों का कहना है कि हाथियों का झुंड काफी देर तक गांव के आसपास मंडराता रहा। इस दौरान लोग अपने-अपने घरों में दुबके रहे और बच्चों व बुजुर्गों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की कोशिश करते रहे। हाथियों के डर से किसी की हिम्मत उनके करीब जाने की नहीं हो रही थी।स्थिति को बिगड़ता देख ग्रामीणों ने पारंपरिक तरीके अपनाते हुए हाथियों को भगाने का प्रयास शुरू किया। गांव के आसपास मौजूद पेड़ों और झाड़ियों में नियंत्रित रूप से आग की चिंगारी और धुआं पैदा किया गया, ताकि हाथी आबादी वाले क्षेत्र से दूर चले जाएं। काफी मशक्कत के बाद हाथियों का झुंड गांव छोड़कर जंगल की ओर बढ़ गया। ग्रामीणों का मानना है कि अगर समय रहते हाथियों को नहीं भगाया जाता तो बड़ा जान-माल का नुकसान हो सकता था।
घटना के बाद गांव में भय और अनिश्चितता का माहौल बना हुआ है। लोग पूरी रात जागकर पहरा देते रहे। कई ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि हाथियों का झुंड दोबारा भी गांव का रुख कर सकता है। इसी वजह से ग्रामीणों ने वन विभाग और प्रशासन से तत्काल निगरानी बढ़ाने तथा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।ग्रामीणों का कहना है कि जंगली हाथियों की बढ़ती आवाजाही अब चिंता का विषय बनती जा रही है। फिलहाल प्रभावित परिवार नुकसान का आकलन कर रहा है, जबकि पूरे गांव में हाथियों के आतंक की चर्चा बनी हुई है। लोगों को उम्मीद है कि प्रशासन और वन विभाग जल्द कदम उठाएंगे ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और ग्रामीण सुरक्षित महसूस कर सकें।
रिपोर्ट- अमन कुमार