नवादा में चार मंजिला दुकान में लगी आग, शॉर्ट सर्किट से लाखों का सामान राख, मचा कोहराम

Fire breaks out in Nawada- फोटो : news4nation

Bihar News : नवादा के स्टेशन रोड पर स्थित एक चार मंजिला इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। दुकान से धुआं निकलने लगा, जिससे लाखों रुपये का सामान जलकर राख होने का अनुमान है। सूचना मिलने पर चार दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास कर रही हैं। शहर के भीड़भाड़ वाले इलाके में आग लगने से आसपास के घरों में दहशत का माहौल है।


बताया जाता है कि 'शुभम् इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इलेक्ट्रिक' नामक इस दुकान से धुआं निकल रहा था। दुकान मालिक और स्थानीय लोग अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास करते रहे, लेकिन दमकल कर्मियों को इसकी सूचना नहीं दी गई। दमकल कर्मी स्टेशन रोड से गुजरते समय आग देखकर घटनास्थल पर पहुंचे और अग्निशमन विभाग को सूचित किया।


यह चार मंजिला इमारत थी, जिसके निचले तल पर दुकान और ऊपर की तीन मंजिलों पर गोदाम बनाया गया था। प्रोपराइटर मंटू वर्णवाल की इस दुकान में कूलर, पंखे और अन्य इलेक्ट्रॉनिक व इलेक्ट्रिक सामान भारी मात्रा में भरा हुआ था, जो पूरी तरह जलकर खाक हो गया।


अग्नि शामक अनुमंडल पदाधिकारी प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए गोदाम नहीं बनाया गया था। उन्होंने यह भी बताया कि आग लगने की सूचना अग्निशमन विभाग को नहीं दी गई थी, बल्कि वे खुद आग देखकर मौके पर पहुंचे। दुकान और गोदाम संकीर्ण होने के कारण आग पर काबू पाने में कठिनाई हो रही है। इस संबंध में वरीय अधिकारियों को जानकारी दी जाएगी।

अमन की रिपोर्ट