अंडे के कार्टन में छिपाकर लाई जा रही थी 10 लाख की विदेशी शराब : उत्पाद विभाग ने किया जब्त, 2 गिरफ्तार

नवादा जिले में उत्पाद विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब की बड़ी खेप बरामद की है। जब्त शराब की कीमत बाजार मेे तकरीबन 10 लाख बताई जा रही है। शराब को अंडे के कार्टन में छुपाकर लाया जा रहा था....

अंडे के कार्टन से बरामद हुआ 10 लाख का विदेशी शराब- फोटो : अमन सिन्हा

Nawada : बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून को प्रभावी रूप से लागू करने के लिए उत्पाद विभाग लगातार मुस्तैद है। इसी कड़ी में नवादा जिले में विभाग ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 10 लाख रुपये मूल्य की अवैध विदेशी शराब की एक बड़ी खेप को जब्त किया है। तस्करों ने पुलिस और उत्पाद विभाग की आंखों में धूल झोंकने के लिए तस्करी का बेहद शातिर तरीका अपनाया था, लेकिन वे अधिकारियों की सतर्कता से बच नहीं सके।


गुप्त सूचना पर गोविंदपुर चेकपोस्ट के पास चलाया गया सघन चेकिंग अभियान

उत्पाद विभाग की टीम को पहले ही गोपनीय सूत्रों से यह पक्की जानकारी मिली थी कि पड़ोसी राज्य झारखंड से बिहार की सीमा में शराब की एक बड़ी खेप प्रवेश करने वाली है। इस इनपुट के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए गोविंदपुर जांच चौकी (चेकपोस्ट) के समीप नाकेबंदी कर विशेष वाहन चेकिंग अभियान शुरू किया गया। इसी दौरान झारखंड की ओर से आ रहे एक संदिग्ध पिकअप वाहन को रोककर उसकी बारीकी से तलाशी ली गई।


अंडे के 66 कार्टनों से बरामद हुई 1584 बोतलें, पिकअप वाहन भी जब्त

जब टीम ने पिकअप वाहन के पीछे लदे सामान की जांच की, तो वहां अंडे के कुल 66 कार्टन व्यवस्थित रूप से रखे मिले। इन कार्टनों को जब खोलकर देखा गया, तो अधिकारी भी हैरान रह गए। अंडों की आड़ में 375 एमएल की कुल 1,584 बोतलें विदेशी शराब की छिपाई गई थीं। जब्त की गई शराब की कुल मात्रा 594 लीटर आंकी गई है। उत्पाद विभाग ने शराब के साथ-साथ तस्करी में इस्तेमाल हो रहे पिकअप वाहन को भी अपने कब्जे में ले लिया है।


झारखंड के दो तस्कर गिरफ्तार, खगड़िया पहुंचाई जानी थी शराब की खेप

इस मामले में वाहन पर सवार दो आरोपियों को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार चालक की पहचान 22 वर्षीय अभिजीत कुमार और मुख्य कारोबारी की पहचान 22 वर्षीय बंटी कुमार के रूप में हुई है, जो मूल रूप से झारखंड के कोडरमा जिले के रहने वाले हैं। अधिकारियों द्वारा की गई प्रारंभिक पूछताछ में दोनों ने कबूल किया है कि शराब की यह पूरी खेप झारखंड से लोड कर बिहार के खगड़िया जिले में डिलीवरी के लिए ले जाई जा रही थी।


मद्य निषेध अधिनियम के तहत केस दर्ज, आरोपियों को जेल भेजने की तैयारी तेज

सफलतापूर्वक की गई इस कार्रवाई के बाद उत्पाद विभाग ने दोनों धंधेबाजों के खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। दोनों ही आरोपियों को कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने साफ संदेश दिया है कि अंतरराज्यीय तस्करों के खिलाफ यह विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।


अमन सिन्हा की रिपोर्ट