Bihar News: रात में छापा से सदर अस्पताल की खुली पोल, गंदगी, कमीशनखोरी और 12 साल पुराना दरवाजा देख भड़की जिला परिषद अध्यक्ष, लगाई फटकार
Bihar News: नवादा जिले के सदर अस्पताल में रविवार की रात उस समय हड़कंप मच गया, जब जिला परिषद अध्यक्ष पुष्पा कुमारी ने अचानक औचक निरीक्षण कर पूरे सिस्टम की परतें खोल दीं। ..
Bihar News: नवादा जिले के सदर अस्पताल में रविवार की रात उस समय हड़कंप मच गया, जब जिला परिषद अध्यक्ष पुष्पा कुमारी ने अचानक औचक निरीक्षण कर पूरे सिस्टम की परतें खोल दीं। बिना किसी पूर्व सूचना के हुए इस दौरे ने अस्पताल प्रशासन की लापरवाही और वर्षों से जमी अव्यवस्था को उजागर कर दिया। निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष ने सीधे वार्डों में पहुंचकर मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत की। मरीजों ने जहां कुछ सुधार की बात मानी, वहीं कई गंभीर शिकायतें भी सामने आईं खासकर शौचालयों की बदहाल स्थिति को लेकर लोगों में गहरी नाराजगी देखी गई।अध्यक्ष पुष्पा कुमारी ने मौके पर ही अस्पताल प्रबंधन को फटकार लगाई और कई व्यवस्थाओं को नाम मात्र का सिस्टम बताया। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि मरीजों को बुनियादी सुविधाओं के लिए भी संघर्ष करना पड़ रहा है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
सबसे गंभीर आरोपों में नर्सिंग स्टाफ द्वारा पैसे मांगने की शिकायत सामने आई, जिस पर अध्यक्ष ने सख्त रुख अपनाते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों पर कठोर कदम उठाए जाएं।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने इमरजेंसी, प्रसूति विभाग, आउटडोर विभाग, एक्स-रे, सीटी स्कैन, पैथोलॉजी और नवजात शिशु देखभाल इकाई का भी जायजा लिया। हर विभाग में कहीं न कहीं अव्यवस्था और संसाधनों की कमी उजागर हुई।सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि अस्पताल के एक डॉक्टर कक्ष का दरवाजा पिछले लगभग 12 वर्षों से टूटा पड़ा है और अब तक उसकी मरम्मत तक नहीं की गई है। यह स्थिति प्रशासनिक उदासीनता और लापरवाही की एक बड़ी मिसाल बन गई।
इस पर अध्यक्ष ने तत्काल जिला कार्यक्रम प्रबंधक से दूरभाष पर बात कर शौचालयों और अन्य बुनियादी सुविधाओं को 24 घंटे के भीतर सुधारने का निर्देश दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में इस तरह की लापरवाही पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।निरीक्षण के बाद अध्यक्ष ने कहा कि यह दौरा केवल शुरुआत है और वे आगे भी समय-समय पर अस्पताल का औचक निरीक्षण करती रहेंगी, ताकि मरीजों को बेहतर और सम्मानजनक स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें और व्यवस्था में व्याप्त खामियों को जड़ से खत्म किया जा सके।
रिपोर्ट- अमन कुमार