महापर्व छठ को लेकर डीएम और एसपी ने किया घाटों का निरीक्षण, सुरक्षा व भीड़ नियंत्रण के सख्त निर्देश

महापर्व छठ की तैयारियों को समय से पूरा करने के उद्देश्य से डीएम-एसपी ने मिर्जापुर सूर्य मंदिर, सोमनाथ, गढ़पर और मोती बिगहा छठ घाटों का जायजा लिया। दोनो अधिकारियों ने सुरक्षा व भीड़ नियंत्रण के लेकर सख्त निर्देश दिए...

डीएम और एसपी ने किया छठ घाटों का निरीक्षण- फोटो : अमन सिन्हा

Nawada : लोक आस्था के महापर्व छठ की तैयारियों को समय से पूरा करने के उद्देश्य से नवादा के जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश और पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान ने संयुक्त रूप से शहर के चार प्रमुख छठ घाटों का निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने मिर्जापुर स्थित ऐतिहासिक सूर्य मंदिर छठ घाट, सोमनाथ (शोभिया पर) मंदिर घाट, गढ़पर घाट और मोती बिगहा स्थित सूर्य मंदिर छठ घाट का मुआयना किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन को लेकर कई आवश्यक निर्देश दिए।


सफाई, रोशनी, पेयजल और चेंजिंग रूम दुरुस्त करने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश ने घाटों पर साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल, पर्याप्त रोशनी और महिला श्रद्धालुओं के लिए कपड़े बदलने हेतु चेंजिंग रूम की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने नगर परिषद और विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंताओं को कड़े निर्देश दिए कि सभी हाईमास्ट और स्ट्रीट लाइटों की तुरंत जांच कर उन्हें 24 घंटे चालू रखा जाए। इसके साथ ही घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुगम आवागमन के लिए अलग-अलग प्रवेश और निकास द्वार बनाने के आदेश दिए।


सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम, सीसीटीवी कैमरों से होगी मॉनिटरिंग

अधिकारियों ने मंदिर परिसरों तथा घाटों के चारों तरफ मजबूती से बैरिकेडिंग कराने, पर्याप्त लाइटिंग करने और सफाई की व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही और भीड़ पर नियंत्रण बनाए रखने के लिए पूरे परिसर की तकनीकी निगरानी की जाएगी। इसके तहत सभी प्रमुख छठ घाटों पर सीसीटीवी (CCTV) कैमरे लगाने और जिला नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम) से 24 घंटे हर गतिविधि पर पैनी नजर रखने के निर्देश जारी किए गए हैं।


घाट परिसर में वाहनों का प्रवेश पूरी तरह बंद, पैदल ही जाएंगे श्रद्धालु

पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर सभी थानाध्यक्षों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि छठ पूजा के दौरान घाट परिसरों में दोपहिया और चारपहिया वाहनों का प्रवेश पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा। सभी वाहनों को पूर्व निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा कराया जाएगा और वहां से घाटों तक आने-जाने की व्यवस्था केवल पैदल होगी। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती की जाएगी।


प्रशासन अलर्ट मोड पर, शांतिपूर्ण और सुरक्षित आयोजन की तैयारी

नवादा जिला प्रशासन महापर्व छठ को शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और भक्तिमय माहौल में संपन्न कराने के लिए पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। डीएम और एसपी ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को समन्वय बनाकर काम करने और समय सीमा के भीतर सभी तैयारियां पूरी करने की हिदायत दी है, ताकि छठ व्रतियों और उनके परिजनों को अर्घ्य देने के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा या परेशानी का सामना न करना पड़े।


अमन की रिपोर्ट