पटना में खाकी की लापरवाही पर एक्शन: बिना हेलमेट पीछे बैठे पुलिसकर्मी का कटा ₹1000 का चालान, CCTV में कैद हुई तस्वीर

पटना में यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर पुलिसकर्मी का चालान कटा है। बाइक चला रहे शख्स ने हेलमेट पहना था, लेकिन पीछे बैठे पुलिसकर्मी ने नहीं। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर वाहन मालिक पर ₹1000 का जुर्माना लगाया गया।

Patna traffic police challan without helmet police
खाकी हो या आम नागरिक, कानून सबके लिए बराबर, बिना हेलमेट पीछे बैठे पुलिसकर्मी का कटा चालान- फोटो : Reporter

राजधानी पटना में यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर एक पुलिसकर्मी पर भी शिकंजा कसा गया है। बाइक पर पीछे बिना हेलमेट पहने बैठे पुलिसकर्मी की तस्वीर सीसीटीवी कैमरे में कैद होने के बाद यातायात पुलिस ने वाहन मालिक के खिलाफ एक हजार रुपये का जुर्माना लगाया है।


सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई लापरवाही की तस्वीर

यह मामला गांधी मैदान स्थित कारगिल चौक के पास का है। बाइक चला रहे व्यक्ति ने तो हेलमेट पहन रखा था, लेकिन पीछे बैठे पुलिसकर्मी ने हेलमेट नहीं लगाया था। सीसीटीवी फुटेज की नियमित जांच के दौरान यातायात पुलिस की नजर इस नियम उल्लंघन पर पड़ी।


वाहन मालिक की पहचान कर भेजा गया एक हजार का जुर्माना

फुटेज में दिख रहे वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर मालिक की पहचान चौक निवासी एसएम अनवर जमाल के रूप में की गई। यातायात पुलिस ने नियमों के तहत वाहन मालिक के नाम पर 1000 रुपये का ई-चालान जारी कर दिया, जिसकी कॉपी रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर भी भेज दी गई।


दोपहिया वाहन पर दोनों के लिए अनिवार्य है हेलमेट

यातायात नियमों के अनुसार, दोपहिया वाहन पर केवल चालक ही नहीं बल्कि पीछे बैठने वाले (पिलर राइडर) व्यक्ति के लिए भी हेलमेट पहनना कानूनी रूप से अनिवार्य है। चालक के मुस्तैद होने के बावजूद पीछे बैठे पुलिसकर्मी द्वारा हेलमेट न पहनना स्पष्ट रूप से नियमों की अनदेखी था।


खाकी हो या आम नागरिक, कानून सबके लिए है बराबर

इस कार्रवाई के माध्यम से यातायात विभाग ने यह कड़ा संदेश दिया है कि सड़क सुरक्षा के नियम सभी पर समान रूप से लागू होते हैं। वर्दी की आड़ में नियमों की अनदेखी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और कानून का पालन हर हाल में सुनिश्चित किया जाएगा।

पटना से रंजीत की रिपोर्ट