नवादा में उत्पाद विभाग का बड़ा एक्शन: तीन ठिकानों पर छापेमारी कर 293 लीटर शराब जब्त, तीन धंधेबाज गिरफ्तार

बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून के तहत नवादा जिले के रजौली थाना क्षेत्र में उत्पाद विभाग की टीमों ने गुप्त सूचना के आधार पर तीन अलग-अलग स्थानों पर बड़ी छापेमारी की है....

नवादा में उत्पाद विभाग का बड़ा एक्शन- फोटो : अमन सिन्हा

Nawada : बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून को धरातल पर प्रभावी बनाने के लिए नवादा जिले के रजौली थाना क्षेत्र में उत्पाद विभाग की टीमों ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। गुप्त सूचना के आधार पर विभाग की अलग-अलग टीमों ने तीन चिन्हित स्थानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की। इस सघन अभियान के दौरान उत्पाद विभाग ने कुल 293.75 लीटर अवैध शराब बरामद करने में सफलता हासिल की है, जिसमें भारी मात्रा में नामी ब्रांड्स की विदेशी शराब और बीयर शामिल हैं। कार्रवाई के दौरान तीन धंधेबाजों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो अन्य आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार होने में सफल रहे।


जोगियामरण गांव में रोहित के घर से मिली शराब की बड़ी खेप

इस अभियान में सबसे बड़ी कामयाबी उत्पाद विभाग की टीम संख्या 02 को मिली, जिसका नेतृत्व अवर निरीक्षक मद्य निषेध प्रवीण कुमार कर रहे थे। टीम ने जोगियामरण गांव में रहने वाले रोहित कुमार के घर पर देर शाम अचानक दबिश दी। घर की तलाशी लेने पर एक कमरे के भीतर फ्रिज और गत्ते के कार्टूनों में बेहद शातिर तरीके से छिपाकर रखी गई 111 लीटर बीयर और 143.250 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। बरामद शराब में गॉडफादर, किंगफिशर, कार्ल्सबर्ग, बैड मंकी बीयर के साथ-साथ मैजिक मोमेंट वोडका, आईकॉनिक व्हाइट व्हिस्की, रॉयल ग्रीन, रॉयल स्टैग, ब्लेंडर्स प्राइड और सिग्नेचर व्हिस्की जैसी महंगी बोतलें शामिल थीं।


झारखंड से लाकर 3 महीने से कर रहा था होम डिलीवरी

उत्पाद विभाग की गिरफ्त में आए मुख्य आरोपी रोहित कुमार ने कड़ाई से की गई पूछताछ में कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उसने स्वीकार किया कि वह पड़ोसी राज्य झारखंड से अवैध तरीके से शराब की खेप लाता था और रजौली व सिरदला के इलाकों में घूम-घूम कर उसकी होम डिलीवरी करता था। वह पिछले तीन महीनों से इस काले धंधे में सक्रिय रूप से लगा हुआ था। उत्पाद विभाग ने आरोपी रोहित के खिलाफ प्राथमिकी संख्या 571/26 दर्ज करते हुए उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।


धनारजय नदी किनारे घेराबंदी कर पकड़ा गया बाइक सवार तस्कर

दूसरी बड़ी कार्रवाई रजौली समेकित जांच चेकपोस्ट टीम द्वारा चित्रकोली-पननवा रास्ते पर की गई, जहां शराब परिवहन की गुप्त सूचना मिली थी। सहायक अवर निरीक्षक पंकज कुमार साव के नेतृत्व में टीम ने बौढी गांव के पास धनारजय नदी के किनारे रणनीतिक घेराबंदी की। इस दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो तस्करों ने भागने की कोशिश की, जिसमें से एक आरोपी फरार हो गया, जबकि 17 वर्षीय सचिन कुमार को टीम ने दबोच लिया। बाइक की जांच करने पर 36 लीटर किंगफिशर स्ट्रांग प्रीमियम बीयर (72 केन) बरामद हुई। पकड़े गए किशोर ने बताया कि फरार आरोपी नीतीश कुमार ने उसे महज 1000 रुपये का लालच देकर इस तस्करी के काम में धकेला था। फरार नीतीश के खिलाफ भी मामला दर्ज कर तलाश की जा रही है।


जैन मंदिर के पास महुआ शराब के साथ तीसरा आरोपी दबोचा गया

इसी अभियान के तहत तीसरी कार्रवाई नगर थाना क्षेत्र में अमल में लाई गई। सहायक अवर निरीक्षक मद्य निषेध अलका वर्मा के नेतृत्व में उत्पाद विभाग की टीम ने निभा हॉल के समीप जैन मंदिर के ठीक सामने छापेमारी की। यहाँ से टीम ने कुणाल राज उर्फ बालाजी नामक एक अन्य धंधेबाज को 3.5 लीटर अवैध देसी महुआ शराब के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। उत्पाद विभाग के अधिकारियों का कहना है कि सीमावर्ती इलाकों और स्थानीय स्तर पर शराब माफियाओं के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा ताकि अवैध कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।


अमन सिन्हा की रिपोर्ट