नवादा में बड़ी कार्रवाई : 18 लाख के गबन मामले में शिक्षक गिरफ्तार, भवन निर्माण राशि में गड़बड़ी का आरोप
नवादा जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां एक शिक्षक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। शिक्षक पर स्कूल के भवन निर्माण के लिए आवंटित राशि में 18 लाख रुपये से अधिक की गबन करने का आरोप लगा है.......
Nawada : जिले से सरकारी राशि के दुरुपयोग और वित्तीय अनियमितता का एक बड़ा मामला सामने आया है। मुफस्सिल थाना पुलिस ने प्राथमिक विद्यालय त्रिलोकी बीघा के भवन निर्माण कार्य के लिए आवंटित राशि में 18 लाख रुपये से अधिक के कथित गबन के आरोप में एक शिक्षक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार शिक्षक की पहचान रणधीर कुमार के रूप में हुई है, जो इसी विद्यालय में पदस्थापित हैं।
जिला शिक्षा पदाधिकारी की शिकायत पर दर्ज हुई थी प्राथमिकी
जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) द्वारा दिए गए लिखित आवेदन के आधार पर की गई है। शिक्षा विभाग की ओर से मुफस्सिल थाने में मामला दर्ज कराया गया था, जिसमें विद्यालय भवन निर्माण के लिए जारी की गई राशि के दुरुपयोग और 18 लाख रुपये से अधिक की अवैध निकासी का गंभीर आरोप लगाया गया था। पुलिस ने मामले को दर्ज कर इसकी गहन जांच शुरू की थी।
मंदिर के पास से पुलिस ने दबोचा
मुफस्सिल थाना के दरोगा वीरेंद्र कुमार ने बताया कि विभाग से प्राप्त आवेदन के आधार पर मामले की प्रारंभिक जांच की गई। जांच के दौरान सामने आए पुख्ता तथ्यों और सबूतों के आधार पर सोमवार को पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई की। पुलिस ने आरोपी शिक्षक रणधीर कुमार को त्रिलोकी बीघा स्थित एक मंदिर के पास से रंगे हाथ (लोकेशन से) गिरफ्तार कर लिया।
मेडिकल जांच के बाद कोर्ट में पेशी की तैयारी
गिरफ्तारी की प्रक्रिया पूरी करने के बाद मुफस्सिल थाना पुलिस आरोपी शिक्षक को सुरक्षा व्यवस्था के बीच नवादा सदर अस्पताल लेकर पहुंची। सदर अस्पताल में आरोपी का नियमानुसार मेडिकल परीक्षण (स्वास्थ्य जांच) कराया गया। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद पुलिस प्रशासन द्वारा उसे न्यायिक हिरासत में भेजने के लिए अदालत में पेश करने की तैयारी की गई।
जांच के घेरे में आ सकते हैं कई और नाम
शिक्षक रणधीर कुमार की गिरफ्तारी के बाद से स्थानीय शिक्षा विभाग और प्रशासनिक हलके में हड़कंप मच गया है। पुलिस का कहना है कि 18 लाख रुपये के इस गबन मामले की विस्तृत जांच अभी जारी है। यदि अनुसंधान के दौरान इस वित्तीय गड़बड़ी में विभाग के किसी अन्य अधिकारी, कर्मचारी या बिचौलिये की संलिप्तता सामने आती है, तो उनके खिलाफ भी कानून के तहत सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अमन सिन्हा की रिपोर्ट