नवादा में वायरल वीडियो मामले में पुलिस ने दो आरोपी को किया गिरफ्तार, सांप्रदायिक एंगल का दावा पूरी तरह भ्रामक और गलत

नवादा जिले में सोशल मीडिया पर एक युवक-युवती के साथ अभद्र व्यवहार का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। एसपी के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने इस मामले में दो मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है...

वायरल वीडियो मामले में दो आरोपी गिरफ्तार- फोटो : अमन सिन्हा

Nawada : जिले में सोशल मीडिया पर एक युवक-युवती के साथ अभद्र व्यवहार का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। नवादा के पुलिस अधीक्षक (SP) अविनाश धीमान के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने इस मामले में दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना को लेकर पीड़ित युवती के लिखित बयान के आधार पर स्थानीय थाली थाना में कांड संख्या 139/26 के तहत नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है, जिसके बाद पुलिस अन्य फरार उपद्रवियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है।


सांप्रदायिक एंगल का दावा पूरी तरह भ्रामक और गलत

इस मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) और राहुल सिंह ने संयुक्त रूप से बताया कि सोशल मीडिया पर इस वायरल वीडियो को कुछ शरारती तत्वों द्वारा सांप्रदायिक रंग देकर बेहद भ्रामक तरीके से प्रसारित किया जा रहा था। पुलिस की आधिकारिक जांच और सत्यापन में यह सांप्रदायिक दावा पूरी तरह से गलत और निराधार पाया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि वीडियो में दिख रहे युवक और युवती दोनों एक ही समुदाय के रहने वाले हैं और वे पहले से ही एक-दूसरे को अच्छी तरह जानते हैं।


पेड़ की छांव में पानी पी रहे भाई-बहन से की गई थी बदसलूकी

पुलिस की सघन जांच में घटना के पीछे की असली सच्चाई सामने आई है। पीड़ित युवती अपने फुफेरे भाई के साथ परीक्षा देकर वापस लौट रही थी। इसी बीच रास्ते में अत्यधिक तेज धूप होने के कारण दोनों भाई-बहन माधोपुर (चरखी पहाड़) के समीप एक पेड़ की छांव में सुस्ताने के लिए रुक गए और वहां बैठकर पानी पीने लगे। इसी दौरान स्थानीय कुछ असामाजिक तत्व वहां पहुंच गए और दोनों को अकेला देखकर उनके साथ गाली-गलौज व अभद्र व्यवहार करने लगे। हद तो तब हो गई जब उन उपद्रवियों ने जबरन युवती पर शादी करने का दबाव बनाना शुरू कर दिया।


बाइक के नंबर से हुई पहचान, धर्मेंद्र और बहादुर गिरफ्तार

घटना के बाद जब इसका वीडियो इंटरनेट पर वायरल हुआ, तो नवादा पुलिस ने त्वरित संज्ञान लेते हुए मामले की तफ्तीश शुरू की। अनुसंधान के दौरान पुलिस ने वीडियो में दिख रही एक मोटरसाइकिल (बाइक) के नंबर का वैज्ञानिक सत्यापन किया, जिससे आरोपियों की सटीक पहचान हो सकी। इसके तुरंत बाद थाली थाना पुलिस ने चिन्हित ठिकानों पर छापेमारी कर धर्मेंद्र कुमार और बहादुर चौधरी नामक दो आरोपियों को दबोच लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वीडियो में दिख रहे अन्य चेहरों को भी चिन्हित किया जा रहा है और जल्द ही वे भी सलाखों के पीछे होंगे।


भ्रामक सूचनाएं न फैलाने की अपील, कानून तोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई

इस घटना के बाद पैदा हुए तनाव को देखते हुए नवादा जिला पुलिस ने आम नागरिकों और सोशल मीडिया प्रयोक्ताओं से बेहद जरूरी अपील की है। पुलिस ने कहा है कि समाज में शांति और सौहार्द बिगाड़ने के उद्देश्य से किसी भी वायरल वीडियो या अपुष्ट व भ्रामक सूचना को बिना प्रशासनिक सत्यापन के आगे साझा (शेयर) न करें। अफवाह फैलाकर सांप्रदायिक माहौल खराब करने की कोशिश करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ आईटी एक्ट (IT Act) के तहत सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।


अमन सिन्हा की रिपोर्ट