विवाहिता का पंखे से लटका मिला शव, मायके वालों ने लगाया दहेज हत्या का आरोप
नवादा जिले में एक गर्भवती महिला की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। मृतका शव उसके कमरे में पंखे से लटका पाया गया है। इधर मायको वालों ने दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच मे जुटी है.....
Nawada : जिले के सिरदला थाना क्षेत्र के भलूया गांव में सोमवार की रात एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने से इलाके में सनसनी फैल गई। 28 वर्षीय हेमलता देवी का शव उनके ससुराल के एक बंद कमरे में पंखे से लटका हुआ पाया गया। परिजनों ने जब कमरे का दरवाजा तोड़ा और शव को नीचे उतारा, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। इस घटना के बाद से मृतका के मायके और ससुराल पक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप जारी है।
तीन साल पहले हुई थी शादी, गर्भवती थी मृतका
मृतका हेमलता देवी मूल रूप से परनाडाबर थाना क्षेत्र के हरनारायणपुर गांव के निवासी दिनेश प्रसाद की पुत्री थीं। उनकी शादी वर्ष 2022 में भलूया गांव के अनीश कुमार के साथ रीति-रिवाज के साथ हुई थी। दोनों का एक चार साल का बेटा भी है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, मृतका तीन महीने की गर्भवती भी थीं। घटना के वक्त उनका पति अनीश कुमार गांव में ही मौजूद था, जिससे मामले की कड़ियां जुड़ रही हैं।
मायके वालों का आरोप: 10 लाख रुपये के लिए किया जाता था प्रताड़ित
घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के मायके वाले भलूया गांव पहुंचे और ससुराल वालों पर हत्या का सीधा आरोप लगाया। मायके पक्ष का कहना है कि शादी के बाद से ही पति, सास, ससुर और ननद द्वारा दहेज में 10 लाख रुपये की मांग को लेकर हेमलता को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। मृतका के परिजनों ने यह अजीबोगरीब और गंभीर आरोप भी लगाया कि इस बार 'हेडफोन' नहीं लाने को लेकर विवाद बढ़ा, जिसके कारण ही उनकी बेटी की जान ली गई है।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने शुरू की जांच
विवाहिता की मौत की खबर मिलते ही सिरदला थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए नवादा से फॉरेंसिक (FSL) की टीम को भी बुलाया गया। फॉरेंसिक टीम ने घटना स्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य और नमूने एकत्र किए हैं, ताकि यह साफ हो सके कि यह आत्महत्या का मामला है या इसके पीछे कोई साजिश थी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार, कानूनी कार्रवाई की तैयारी
पुलिस ने पंचनामा तैयार करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए नवादा सदर अस्पताल भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि मृतका के परिजनों के आरोपों और घटना स्थल से मिले सबूतों के आधार पर मामले की गहन तफ्तीश की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा, जिसके बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अमन सिन्हा की रिपोर्ट