Bihar News: नवादा सदर अस्पताल में भीषण आग, सिविल सर्जन चैंबर और दवा स्टोर राख, लाखों की दवाएं खाक, 6 लोग घायल

आग की लपटों ने सिविल सर्जन के चैंबर और पास बने दवा स्टोर को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही देर में लाखों रुपये की दवाएं, जरूरी मेडिकल सामान और अस्पताल की संपत्ति जलकर राख हो गई। ...

नवादा सदर अस्पताल में भीषण आग- फोटो : reporter

Bihar News: बिहार के नवादा सदर अस्पताल में शनिवार को उस वक्त अफरा-तफरी और खौफ का मंजर देखने को मिला, जब अस्पताल परिसर में अचानक भीषण आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग की लपटों ने सिविल सर्जन के चैंबर और पास बने दवा स्टोर को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही देर में लाखों रुपये की दवाएं, जरूरी मेडिकल सामान और अस्पताल की संपत्ति जलकर राख हो गई। इस हादसे में आधा दर्जन लोग घायल भी हो गए, जिनमें अग्निशमन दल के कर्मी भी शामिल बताए जा रहे हैं।

मिली जानकारी के मुताबिक आग लगने के बाद अस्पताल में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। सिविल सर्जन का चैंबर पूरी तरह जलकर खाक हो गया। उनके चैंबर में रखी कुर्सी, फर्नीचर और जरूरी कागजात भी आग की भेंट चढ़ गए। इसके अलावा कमरे में लगे दो एयर कंडीशनर भी पूरी तरह जल गए। आग लगने के बाद बिजली के तारों में करंट फैलने से हालात और भी खतरनाक हो गए, जिससे आग बुझाने पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

बताया जा रहा है कि सिविल सर्जन चैंबर और सर्जिकल वार्ड के बीच हाल ही में एक दवा स्टोर बनाया गया था। आरोप है कि यह स्टोर नियमों को दरकिनार कर बनाया गया था और इसकी जानकारी अग्निशमन विभाग को भी नहीं दी गई थी। यही वजह है कि आग लगने के बाद हालात तेजी से बिगड़ गए।

स्थानीय लोगों के मुताबिक कुछ समय पहले ही रिटायर्ड डीएम आशुतोष वर्मा ने भीषण गर्मी को देखते हुए अस्पताल में मरीजों और उनके परिजनों के लिए लगभग 30 कुर्सियां और पंखों की व्यवस्था करवाई थी। लेकिन बाद में अस्पताल प्रशासन ने उस जगह से बैठने की व्यवस्था हटाकर वहीं दवा का गोदाम बना दिया, जो अब आग की चपेट में आ गया।

जिस जगह आग लगी, उसके पास स्थित सर्जिकल वार्ड में करीब आधा दर्जन मरीज भर्ती थे। आग की खबर मिलते ही मरीजों और उनके परिजनों में हड़कंप मच गया और सभी लोग अपनी जान बचाने के लिए वार्ड से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थानों पर भागे।

करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया। घटना के बाद अस्पताल प्रशासन की लापरवाही को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। अस्पताल प्रबंधक कुमार आदित्य का कहना है कि शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है और मामले की जांच जारी है। लेकिन स्थानीय लोग और मरीजों के परिजन अस्पताल की बदहाल व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठा रहे हैं।

रिपोर्ट- अमन कुमार