जमीन के लिए रिश्ते का कत्ल : चाकू से भाभी पर करना था हमला, बीच में आए छोटे भाई की चाकू से गोदकर कर दी हत्या

नवादा जिले में जमीन के लिए अपने ही भाई की चाकू से गोदकर हत्या किये जाने का मामला सामने आया है। इस घटना में आरोपी भाई को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है....

जमीन के लिए सगे भाई की हत्या- फोटो : अमन सिन्हा

Nawada : जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां नेमदारगंज थाना क्षेत्र के राजा देवर गांव में जमीन बंटवारे को लेकर उपजा विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। यहां एक बड़े भाई ने अपने ही सगे छोटे भाई की चाकू मारकर बेरहमी से हत्या कर दी। मृतक की पहचान अखिलेश कुमार के रूप में हुई है। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी भाई और उसके माता-पिता समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।


50 रुपये में खरीदा था चाकू, भाभी को मारने की थी योजना

गिरफ्तारी के बाद मुख्य आरोपी सुधीर शर्मा ने पुलिस पूछताछ में जो खुलासे किए, वे बेहद चौंकाने वाले हैं। सुधीर ने स्वीकार किया कि उसने स्थानीय बाजार से महज 50 रुपये में एक चाकू खरीदा था। उसकी योजना अपनी भभू (छोटे भाई अखिलेश की पत्नी) पर हमला करने की थी। आरोपी के अनुसार, वह अपने माता-पिता के जीवित रहते जमीन का बंटवारा नहीं चाहता था, लेकिन उसकी भाभी के उकसाने पर छोटा भाई लगातार हिस्सेदारी की मांग कर रहा था।


पत्नी को बचाने के चक्कर में पेट में घुसा चाकू

वारदात वाले दिन मंगलवार को भी दोनों भाइयों के बीच इसी जमीन विवाद और अक्सर पुलिस बुलाने की धमकी को लेकर तीखी बहस हुई थी। गुस्से में आकर सुधीर अपनी भाभी पर हमला करने के लिए चाकू लेकर दौड़ा। अपनी पत्नी को खतरे में देख छोटा भाई अखिलेश बीच-बचाव करने के लिए सामने आ गया। इसी दौरान सुधीर ने चाकू से जोरदार वार कर दिया, जो सीधे अखिलेश के पेट में जा घुसा। चाकू का घाव इतना गहरा था कि अत्यधिक रक्तस्राव के कारण मौके पर ही उसकी मौत हो गई।


मृतक की पत्नी ने दर्ज कराई प्राथमिकी, माता-पिता भी गिरफ्तार

पति की मौत के बाद बदहवास पत्नी ने नेमदारगंज थाने में न्याय की गुहार लगाते हुए परिवार के पांच सदस्यों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। इसमें सास-ससुर (मृतक के माता-पिता), जेठ (बड़ा भाई सुधीर), ननद और जेठानी को नामजद आरोपी बनाया गया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फौरन छापेमारी की और सुधीर शर्मा के साथ-साथ उसके माता-पिता को भी दबोच लिया। तीनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।


घरेलू कलह बनी हत्या की वजह, बाकी आरोपियों की तलाश जारी

नेमदारगंज थाना प्रभारी रणजीत कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच और आरोपी के इकबालिया बयान से साफ है कि यह पूरी घटना घरेलू कलह और पैतृक जमीन के विवाद का नतीजा है। हालांकि सुधीर का निशाना उसकी भाभी थी, लेकिन भाई के बीच में आ जाने से उसकी जान चली गई। मृतक की पत्नी का आरोप है कि पूरा ससुराल पक्ष मिलकर उनके पति को प्रताड़ित करता था। पुलिस अब मामले के बाकी दो फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।


अमन सिन्हा की रिपोर्ट