Nawada murder case: नवादा में युवक की हत्या का खुलासा, 24 घंटे में सभी आरोपी गिरफ्तार

Nawada murder case: नवादा जिले में युवक की गला घोंटकर हत्या के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मुख्य आरोपी हत्या के बाद अस्पताल में मरीज बनकर छिपा था।

नवादा में हत्या के मामले में गिरफ्तारी- फोटो : news4nation

Nawada murder case: बिहार के नवादा जिले में एक युवक की गला घोंटकर हत्या के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। चौंकाने वाली बात यह है कि मुख्य आरोपी हत्या के बाद अपना गुनाह छिपाने के लिए खुद सदर अस्पताल में मरीज बनकर भर्ती हो गया था। पुलिस ने उसे सर्जिकल वार्ड से हिरासत में लिया।

यह घटना शुक्रवार को नवादा जिले के पकरीबरावां थाना क्षेत्र के भगवानपुर गांव में हुई थी। मृतक की पहचान बिरजू यादव के 20 वर्षीय इकलौते पुत्र सुभाष कुमार के रूप में हुई है। पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान के निर्देश पर गठित टीम ने इस मामले का उद्भेदन किया।

पुलिस ने तीन वयस्कों को किया गिरफ्तार

पुलिस ने इस मामले में तीन वयस्कों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो किशोरों को विधि विरुद्ध निरुद्ध किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में भगवानपुर गांव निवासी सुनील कुमार (राजू यादव का पुत्र), दिनेश कुमार (रामअवतार प्रसाद का पुत्र) और दिनेश यादव (स्वर्गीय महावीर यादव का पुत्र) शामिल हैं।एसडीपीओ राकेश कुमार भास्कर ने पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि सरस्वती पूजा के दौरान डीजे पर गाना बजाने को लेकर दो गुटों में विवाद हुआ था। इस विवाद के बाद मारपीट भी हुई थी और दोनों पक्षों ने एक-दूसरे को देख लेने की धमकी दी थी। इसी पुरानी रंजिश के चलते सुभाष की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। एसडीपीओ ने बताया कि पकड़े गए सभी आरोपियों ने पूछताछ में गमछे से गला घोंटकर युवक की हत्या करने की बात स्वीकार की है।

नवादा से अमन की रिपोर्ट