खौफनाक वारदात: पड़ोसी के घर खेलने गए 7 साल के मासूम के हाथ में फटा बम, हथेली के उड़े परखच्चे

नवादा के रजौली में पड़ोसी के घर खेल रहे 7 साल के बच्चे के हाथ में बम फटा। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। FSL की जांच जारी।

Nawada - : बिहार के नवादा जिले के रजौली थाना अंतर्गत भावा बिगहा गांव में शुक्रवार को उस वक्त कोहराम मच गया, जब एक 7 वर्षीय बच्चा पड़ोसी के घर खेलते समय बम विस्फोट की चपेट में आ गया। घायल बच्चे की पहचान दीपक कुमार के पुत्र युवराज कुमार के रूप में हुई है। धमाका इतना जोरदार था कि बच्चे की बाईं हथेली गंभीर रूप से जख्मी हो गई। आनन-फानन में परिजनों ने उसे रजौली अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉ. श्यामानंद प्रसाद और डॉ. प्रियंका भारती की देखरेख में उसका उपचार जारी है।

साइकिल निकालने के दौरान झोले में हुआ ब्लास्ट

घटना के संबंध में घायल बच्चे की मां प्रतिमा देवी ने बताया कि युवराज अपने पड़ोसी श्याम सुंदर सिंह के घर उनके बच्चों के साथ खेलने गया था। इसी बीच वह छत पर रखी साइकिल निकालने पहुंचा। जैसे ही उसने वहां रखे एक लावारिस झोले को हटाने की कोशिश की, वैसे ही जोरदार धमाका हुआ। धमाके की आवाज सुनकर जब मां मौके पर पहुंची, तो मासूम युवराज जमीन पर तड़पता हुआ मिला।

विरोध करने पर मिली जान से मारने की धमकी और जातिसूचक गालियां

पीड़ित परिवार का आरोप है कि जब उन्होंने इस घटना का विरोध किया, तो मकान मालिक श्याम सुंदर सिंह और उमा सिंह ने सहानुभूति दिखाने के बजाय उनके साथ दुर्व्यवहार किया। मां प्रतिमा देवी ने लिखित आवेदन में आरोप लगाया है कि आरोपियों ने उन्हें जातिसूचक गालियां दीं और मामले को दबाने के लिए जान से मारने की धमकी भी दी। इस संवेदनहीनता के बाद पीड़ित परिवार ने थाने में न्याय की गुहार लगाई।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई: दो आरोपी गिरफ्तार, भेजे गए जेल

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए रजौली थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर रणजीत कुमार ने तत्काल टीम गठित की। एसआई सचिन कुमार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी श्याम सुंदर सिंह और उमा सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों से कड़ी पूछताछ के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

FSL टीम ने की जांच, घर में बम होने के पीछे बड़ी साजिश की आशंका

पुलिस इस बात की गहराई से तफ्तीश कर रही है कि एक रिहायशी मकान की छत पर बम आखिर किस मकसद से रखा गया था। घटना के बाद एफएसएल (फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह बम फटने का ही मामला है। क्या यह किसी बड़ी आपराधिक साजिश का हिस्सा था या इलाके में दहशत फैलाने की तैयारी, पुलिस इन सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।

Report - aman sinha