Bihar News: नवादा में कपड़े के गोदाम में भीषण अग्निकांड, 50 लाख का माल राख, दुर्गा पूजा से पहले कारोबारी पर टूटा कहर
Bihar News: नवादा शहर के भीड़भाड़ वाले कलाली रोड में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अमन ड्रेस के कपड़े के गोदाम में अचानक भीषण आग भड़क उठी। ...
Bihar News: नवादा शहर के भीड़भाड़ वाले कलाली रोड में रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अमन ड्रेस के कपड़े के गोदाम में अचानक भीषण आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया और अंदर रखा जींस, शर्ट समेत बड़ी मात्रा में कपड़ा जलकर राख हो गया। दुकानदार के मुताबिक, गोदाम में करीब 40 से 50 लाख रुपये का कपड़ा रखा हुआ था, जो आग की भेंट चढ़ गया। दुर्गा पूजा की खरीदारी को देखते हुए कारोबारी ने थोक में कपड़ा मंगाकर गोदाम में जमा किया था। ऐसे में अग्निकांड ने कारोबारी को भारी आर्थिक नुकसान पहुंचाया है।
बताया गया कि रविवार को स्थानीय लोगों की नजर गोदाम के अंदर उठती आग की लपटों और चिंगारी पर पड़ी। लोगों ने तत्काल दुकानदार अमन को फोन कर आग लगने की खबर दी। सूचना मिलते ही अमन मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक गोदाम के भीतर से घना धुआं निकलने लगा था और आग तेजी से फैल रही थी।
कपड़े जैसे ज्वलनशील सामान से भरे गोदाम में आग भड़कने के कारण आसपास के दुकानदारों और राहगीरों में दहशत और अफरा-तफरी फैल गई। भीड़भाड़ वाले कलाली रोड पर आग की लपटें देखकर लोग सुरक्षित स्थान की ओर भागने लगे। स्थानीय लोगों को आशंका थी कि आग आसपास की दुकानों तक न पहुंच जाए।
घटना की सूचना तत्काल अग्निशमन विभाग को दी गई। करीब एक घंटे के भीतर दमकल की एक बड़ी और दो छोटी गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। अग्निशमन कर्मियों ने मोर्चा संभालते हुए लगातार पानी की बौछार शुरू की। कपड़ों के ढेर में आग तेजी से फैलने के कारण लपटों पर काबू पाने में जवानों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। लगातार प्रयास के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। इस दौरान स्थानीय थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और भीड़ को नियंत्रित करने के साथ स्थिति पर नजर रखी।
प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि, अग्निकांड की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच कर रहे हैं। आग से हुए नुकसान का सही आकलन भी जांच के बाद सामने आने की उम्मीद है।दुर्गा पूजा से ठीक पहले लाखों रुपये का माल खाक होने से कपड़ा कारोबारी के सामने बड़ा आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। वहीं, घटना के बाद आसपास के दुकानदार भी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।
रिपोर्ट- अमन कुमार