Nawada married woman Death: नवादा में विवाहिता की मौत पर विवाद, मायके ने लगाया हत्या का आरोप, पुलिस कर रही जांच

Nawada married woman Death: नवादा जिले के मिल्की ढिवरी गांव में एक विवाहिता की मौत के बाद विवाद हो गया है। मायके वालों ने जहर देकर हत्या का आरोप लगाया है, जबकि ससुराल पक्ष आत्महत्या बता रहा है।

विवाहिता की मौत से मचा बवाल!- फोटो : news4nation

Nawada married woman Death: नवादा जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मिल्की ढिवरी गांव में एक विवाहिता की मौत के बाद विवाद खड़ा हो गया है। मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है, जबकि ससुराल पक्ष इसे आत्महत्या बता रहा है। यह घटना रविवार से जुड़ी है।मृतक की पहचान अकबरपुर प्रखंड के बाकसंडा गांव की शोभा देवी के रूप में हुई है। शोभा की शादी फरवरी 2023 में मिल्की ढिवरी गांव के पिंटू कुमार से प्रेम प्रसंग के बाद दोनों परिवारों की सहमति से हुई थी।

मृतका के भाई बिट्टू रविदास ने आरोप लगाया है कि शादी के समय 30,000 रुपये दिए गए थे, लेकिन ससुराल पक्ष 1.70 लाख रुपये की अतिरिक्त मांग कर रहा था। पैसे न देने के कारण शोभा को प्रताड़ित किया जा रहा था और शुक्रवार को जहर देकर उसकी हत्या कर दी गई।

बहू ने खुद जहर खाकर आत्महत्या की- सास

वहीं, मृतका की सास मीना देवी का कहना है कि उनकी बहू ने खुद जहर खाकर आत्महत्या की है। उन्होंने बहू को प्रताड़ित करने के आरोपों से इनकार किया। मीना देवी के अनुसार, जहर खाने के बाद वे शोभा को अस्पताल ले गए थे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया और फिर परिवार को सूचना दी गई।

मायके और ससुराल पक्ष के बीच तीखा विवाद

घटना के बाद मायके और ससुराल पक्ष के बीच तीखा विवाद जारी है। डीएसपी राहुल कुमार ने इस पूरे मामले पर कहा कि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगी। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। शादी के लगभग दो साल बाद भी मृतका की कोई संतान नहीं थी।

नवादा से अमन की रिपोर्ट