मेले की खुशियाँ खून में सनी: नवादा में 20 दरिंदों ने सरेराह मचाया तांडव, बदमाशों की गोली का शिकार बना बच्चा!
नवादा के डिज्नीलैंड मेले के पास बदमाशों की गोलीबारी में एक बच्चा घायल। सदर अस्पताल में इलाज जारी, अपराधियों की तलाश में जुटी पुलिस।
Nawada - : बिहार के नवादा में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब वे भीड़भाड़ वाले मेलों में भी गोलीबारी करने से नहीं हिचक रहे। सोमवार की शाम नगर थाना क्षेत्र के यादव चौक स्थित डिज्नीलैंड मेले के पास बदमाशों की आपसी लड़ाई के दौरान चली गोली एक मासूम बच्चे को लग गई। इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे।
20 बदमाशों की भिड़ंत और बीच में फँसा मासूम
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यादव चौक के पास करीब 15 से 20 की संख्या में बदमाश आपस में मारपीट कर रहे थे। इसी खूनी संघर्ष के दौरान एक अपराधी ने कट्टा निकालकर फायरिंग कर दी। दुर्भाग्यवश, गोली वहाँ मौजूद मासूम बच्चे को जा लगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि अपराधी बेलगाम हो चुके हैं और उन्हें पुलिस का रत्ती भर भी खौफ नहीं रह गया है।
घायल बच्चे की पहचान और इलाज
गोली लगने से घायल बच्चे की पहचान बादलपुर गांव निवासी त्रिपुरारी सिंह के पुत्र आयुष कुमार के रूप में हुई है। आनन-फानन में उसे नवादा सदर अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सा सूत्रों के अनुसार, आयुष के दाहिने हाथ में गोली लगी थी, जिसे डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर निकाल दिया है। हालांकि कुछ चर्चाएं यह भी हैं कि गोली बच्चे को छूकर निकल गई थी, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि होनी अभी बाकी है।
अस्पताल में मची चीख-पुकार, रामनगर का रहने वाला है बालक
अस्पताल में मौजूद राम कुंदन कुमार ने बताया कि घायल बालक मूल रूप से रामनगर का रहने वाला है। बच्चे की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है, लेकिन इस घटना ने नवादा के अभिभावकों के मन में डर पैदा कर दिया है। शहर के बीचों-बीच चल रहे मेले के पास इस तरह की वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है।
पुलिस जांच और स्थानीय लोगों का आक्रोश
वारदात की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुँची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके। वहीं, स्थानीय लोगों में पुलिस की कार्यशैली को लेकर भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि नवादा में आपराधिक घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं और सरेराह गोलीबारी होना अब आम बात हो गई है।
Report - Aman sinha