Bihar News : पीएम मोदी के बिहार दौरे पर नवादा को मिली विकास की सौगात, सांसद विवेक ठाकुर ने जताया आभार

Bihar News : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे के अवसर पर नवादा लोकसभा क्षेत्र को ऊर्जा, विद्युत आधारभूत संरचना और शिक्षा से जुड़ी लगभग 125 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं की सौगात मिली है।

पीएम मोदी का आभार - फोटो : AMAN

NAWADA : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे के अवसर पर नवादा लोकसभा क्षेत्र को लगभग 125 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं की सौगात मिली है। ऊर्जा, विद्युत आधारभूत संरचना और शिक्षा से जुड़ी इन परियोजनाओं को क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया जा रहा है। नवादा सांसद विवेक ठाकुर ने इसकी जानकारी देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया।

सांसद विवेक ठाकुर ने बताया कि रजौली के फुलवरिया डैम में 60 करोड़ रुपये की लागत से 10 मेगावाट क्षमता वाला फ्लोटिंग सोलर पावर प्लांट स्थापित किया गया है। इसे बिहार का सबसे बड़ा फ्लोटिंग सोलर पावर प्लांट बताया गया है। इससे प्रतिवर्ष लगभग 1.60 करोड़ यूनिट बिजली उत्पादन का अनुमान है। रजौली ग्रिड के माध्यम से आसपास के करीब 90 गांवों की बिजली आपूर्ति को मजबूती मिलेगी। इसकी खासियत यह है कि जलाशय में सौर ऊर्जा उत्पादन के साथ मछली पालन भी जारी रह सकेगा। इससे पर्यटन की संभावनाओं को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

इसके अलावा 58.13 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित छह विद्युत शक्ति उपकेंद्रों का भी शुभारंभ किया गया। इनमें हिसुआ के खानपुर, नारदीगंज के बस्तीबिगहा, सिरदला के मंझगांव, वारिसलीगंज के राजापुर सौर, कौआकोल के फरहेदा और बरबीघा के गंगटी स्थित उपकेंद्र शामिल हैं। प्रत्येक उपकेंद्र की क्षमता 2×10 एमवीए है। इनके शुरू होने से ग्रामीण इलाकों में बिजली आपूर्ति की क्षमता और गुणवत्ता बेहतर होने की उम्मीद है।

शिक्षा के क्षेत्र में भी नवादा को सौगात मिली है। बिहार के 36 मॉडल विद्यालयों की पहल के तहत जिले के मोरमा, नजरडीह और सम्हरीगढ़ स्थित तीन उन्नत उच्च माध्यमिक विद्यालयों को शामिल किया गया है। इन विद्यालयों के विकास पर कुल 5.49 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इससे विद्यार्थियों को आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। विवेक ठाकुर ने कहा कि ये परियोजनाएं नवादा के विकास को नई दिशा देंगी। ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता, ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर बिजली व्यवस्था और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना इन योजनाओं का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्र सरकार के सहयोग से नवादा के सर्वांगीण विकास का प्रयास लगातार जारी रहेगा।

अमन सिन्हा की रिपोर्ट