छठ महापर्व पर फलों और पूजा सामग्री के लिए नवादा का मेन रोड बना खरीदारी का बड़ा केंद्र, प्रशासन ने संभाली सुरक्षा की कमान

नवादा शहर में छठ पर्व को लेकर उत्साह और रौनक देखते ही बन रही है। पर्व के इस पावन अवसर पर शहर का मुख्य मार्ग (मेन रोड) पूरी तरह से पूजा सामग्री और फलों के विशाल बाजार में तब्दील हो चुका है....

छठ पूजा पर नवादा का मेन रोड बना खरीदारी का बड़ा केंद्र- फोटो : अमन सिन्हा

Nawada : लोक आस्था के महापर्व छठ के आज तीसरे दिन अस्ताचलगामी सूर्य को अर्ध्य दिया जाएगा। नवादा शहर में इस पर्व को लेकर उत्साह और रौनक देखते ही बन रही है। पर्व के इस पावन अवसर पर शहर का मुख्य मार्ग (मेन रोड) पूरी तरह से पूजा सामग्री और फलों के विशाल बाजार में तब्दील हो चुका है। सड़क के दोनों किनारों पर सजी सजी-धजी दुकानों पर बीते शनिवार की शाम से आज रविवार को सुबह से खरीदारों का तांता लगा हुआ है, जिससे पूरे शहर में भक्तिमय और उमंग से भरा माहौल कायम है।


14 प्रखंडों और 1099 गांवों से खरीदारी करने पहुंच रहे लोग

नवादा का मेन रोड इस दौरान जिले के ग्रामीण इलाकों के निवासियों के लिए खरीदारी का सबसे प्रमुख केंद्र बन गया है। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, जिले के सभी 14 प्रखंडों के 1099 गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण छठ पर्व की आवश्यक सामग्री खरीदने के लिए नवादा पहुंच रहे हैं। इसके अलावा आसपास के दूर-दराज के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंचकर अपनी जरूरत के अनुसार खरीदारी कर रहे हैं।


बाजार में फलों और पूजा सामग्रियों की बंपर बिक्री, खिले दुकानदारों के चेहरे

त्योहारी बाजार में लोग अपनी सूची के अनुसार केला, सेब, संतरा, नारियल, गन्ना और अन्य पारंपरिक फलों के साथ-साथ पूजा में इस्तेमाल होने वाली हर जरूरी सामग्री खरीद रहे हैं। खरीदारों का कहना है कि इस बार बाजार में काफी अच्छी रौनक देखने को मिल रही है। वहीं, दूसरी ओर फल और पूजन सामग्री के विक्रेताओं के चेहरे पर भी भारी बिक्री के कारण काफी खुशी साफ झलक रही है।


भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन और पुलिस पूरी तरह मुस्तैद

बाजारों में उमड़ रही भारी भीड़ और ग्राहकों के सैलाब को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस महकमे की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। शहर के प्रमुख बाजार क्षेत्रों में सुचारू यातायात और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल लगातार मुस्तैद है, ताकि व्रतधारियों और आम खरीदारों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।


भक्तिमय गीतों से गूंज रहा माहौल, आस्था के साथ हो रही खरीदारी

चारों तरफ गूंजते पारंपरिक छठ गीतों और खरीददारी की चहल-पहल के बीच नवादा का पूरा शहर आस्था के रंग में रंग गया है। हर कोई छठी मइया की आराधना की तैयारियों में पूरी श्रद्धा के साथ जुटा हुआ है, जिससे यह महापर्व समाज में आपसी सौहार्द और उल्लास का अनूठा उदाहरण पेश कर रहा है।


अमन की रिपोर्ट