नवादा में ओवरलोड वाहनों को लेकर बवाल, ग्रामीणों के समर्थन में धरने पर बैठे विधायक

ओवरलोड वाहनों के बेरोकटोक परिचालन और इससे आम लोगों को हो रही परेशानी के विरोध के रविवार को नवादा में स्थानीय लोगों का आक्रोश देखने को मिला जिसे हिसुआ विधायक अनिल सिंह ने भी समर्थन दिया.

Nawada overloaded vehicles chaos- फोटो : news4nation

Bihar News :  बिहार के नवादा जिले के अकबरपुर प्रखंड क्षेत्र में ग्रामीण सड़कों पर ओवरलोड वाहनों के परिचालन को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। खखंदुआ माइंस से निकलने वाले भारी वाहनों के कारण ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। विरोध में ग्रामीणों ने सड़क जाम कर धरना शुरू कर दिया है, जिसमें हिसुआ विधानसभा क्षेत्र के विधायक अनिल सिंह भी शामिल होकर ग्रामीणों के समर्थन में उतर आए हैं।


धरना स्थल पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए विधायक अनिल सिंह ने कहा कि अकबरपुर प्रखंड की लगभग 12 ग्रामीण सड़कें भारी वाहनों के परिचालन से बर्बाद हो रही हैं। उन्होंने बताया कि ग्रामीण विकास विभाग द्वारा निर्मित इन सड़कों पर 10 से 12 टन क्षमता वाले वाहनों के परिचालन की अनुमति है, जबकि वर्तमान में 55 से 70 टन तक भार वाले वाहन इन मार्गों से गुजर रहे हैं। ये वाहन पहाड़ों से गिट्टी लेकर निकलते हैं।


विधायक ने कहा कि इस मामले को लेकर उन्होंने 7 मई 2026 को नवादा जिलाधिकारी को लिखित शिकायत दी थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सरकार और संबंधित एजेंसियों के बीच हुए समझौते के अनुसार गिट्टी की ढुलाई मुख्य मार्गों से की जानी थी, लेकिन नियमों का उल्लंघन किया जा रहा है।


ग्रामीणों का कहना है कि प्रतिदिन बड़ी संख्या में भारी वाहन गुजरने से सड़कें क्षतिग्रस्त हो रही हैं और लोगों को स्कूल, बाजार तथा अस्पताल जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने तत्काल भारी वाहनों के परिचालन पर रोक लगाने की मांग की है।

अमन की रिपोर्ट