नवादा में साइबर गिरोह का भंडाफोड़: Blue Dart पार्सल और WhatsApp हैकिंग के जरिए करते थे ठगी, दो गिरफ्तार
नवादा एसपी अभिनव धीमान के निर्देश पर साइबर पुलिस की बड़ी कार्रवाई। ब्लू डॉट पार्सल और व्हाट्सएप हैकिंग के जरिए ठगी करने वाले दो अपराधी वारिसलीगंज से गिरफ्तार।
Nawada - बिहार के नवादा जिले में साइबर अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल की है। एसपी अभिनव धीमान के कड़े निर्देश पर गठित एसआईटी (SIT) ने वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के बलवापर गांव में छापेमारी कर दो शातिर साइबर ठगों को धर दबोचा है। बुधवार को पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में इस पूरी कार्रवाई का खुलासा किया गया।
Blue Dart पार्सल और APK फाइल का 'खतरनाक खेल'
गिरफ्तार अपराधियों की कार्यप्रणाली (Modus Operandi) बेहद शातिराना थी। ये ठग 'ब्लू डॉट' (Blue Dart) कंपनी के प्रतिनिधि बनकर लोगों को कॉल करते थे और पार्सल डिलीवरी के नाम पर उन्हें अपने जाल में फंसाते थे। इसके अलावा, ये अपराधियों का गिरोह लोगों के मोबाइल पर एक संदिग्ध APK फाइल भेजता था। जैसे ही कोई उस फाइल को इंस्टॉल करता, उसका व्हाट्सएप हैक हो जाता था।
रिश्तेदार बनकर मांगते थे इमरजेंसी में पैसे
व्हाट्सएप हैक करने के बाद ये अपराधी पीड़ित के कॉन्टैक्ट लिस्ट में मौजूद उनके परिजनों और मित्रों को मैसेज भेजते थे। ये खुद को संकट में बताकर या किसी मेडिकल इमरजेंसी का हवाला देकर तुरंत पैसों की मांग करते थे। भरोसे में आकर कई लोग इन ठगों के खातों में पैसे ट्रांसफर कर देते थे।\
बलवापर गांव से हुई गिरफ्तारी, 5 स्मार्टफोन बरामद
पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए बलवापर गांव में दबिश दी। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान निम्नलिखित रूप में हुई है:
गौतम कुमार (22 वर्ष): पिता - अरविंद विश्वकर्मा।
दीपक कुमार (25 वर्ष): पिता - प्रकाश तांती।
तलाशी के दौरान पुलिस ने इनके पास से 05 अत्याधुनिक स्मार्टफोन बरामद किए हैं, जिनका उपयोग ठगी की वारदातों को अंजाम देने में किया जा रहा था।
एसपी अभिनव धीमान की टीम को बड़ी कामयाबी
नवादा एसपी अभिनव धीमान ने पदभार संभालते ही साइबर अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है। इस मामले में साइबर थाने में केस दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। पुलिस अब इन अपराधियों के बैंक खातों और इनके गिरोह के अन्य सदस्यों के नेटवर्क को खंगालने में जुटी है।
Report - aman sinha