नवादा पुलिस ने 24 घंटे के भीतर अपहृत व्यक्ति को सकुशल किया बरामद, एक आरोपी को किया गिरफ्तार

नवादा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अपह्त व्यक्ति को महज 24 घंटे के अंदर सकुशल बरामद कर लिया है। वहीं इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है....

नवादा पुलिस को बड़ी कामयाबी- फोटो : अमन सिन्हा

Nawada : जिले की पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अपह्त व्यक्ति को महज 24 घंटे के अंदर सकुशल बरामद कर लिया है। वहीं इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। घटना के संबंध में बताया गया है कि बीते 16 सितंबर को सिमरकोल के पास से एक व्यक्ति का अज्ञात अपराधियों ने अपहरण कर लिया था। घटना के बाद अपराधियों द्वारा परिजनों से 80 लाख रुपये की भारी-भरकम फिरौती की मांग की गई, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।


विशेष टीम का गठन और त्वरित अनुसंधान शुरू

घटना के बाद अपहृत व्यक्ति के परिजनों की लिखित शिकायत पर रजौली थाना में दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए नवादा एसपी अभिनव धीमान ने तुरंत संज्ञान लिया और उनके निर्देश पर रजौली एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया, जिसने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू किए।


लाइनर की भूमिका निभाने वाला आरोपी अंकित कुमार गिरफ्तार

पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस और स्थानीय पूछताछ के आधार पर संदिग्धों की गतिविधियों की जानकारी जुटाई। जांच के दौरान पुलिस को मसई गांव (थाना रजौली) निवासी अंकित कुमार (पिता-कारू शर्मा) के बारे में सुराग मिला, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने इस घटना में लाइनर की भूमिका निभाने की बात स्वीकार की है, तथा पुलिस ने उसके पास से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।


झारखंड के कोडरमा से अपहृत व्यक्ति सकुशल बरामद

गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ और तकनीकी जांच से मिले इनपुट्स के आधार पर पुलिस को अपहृत व्यक्ति के झारखंड के कोडरमा जिले में होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने त्वरित और साहसिक कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर अपहृत व्यक्ति को कोडरमा से पूरी तरह सकुशल बरामद कर लिया।


एसपी की प्रेस वार्ता और अन्य आरोपियों की तलाश जारी

गुरुवार को एसपी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान एसपी अभिनव धीमान ने इस पूरे अपहरण कांड का आधिकारिक खुलासा किया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है, वहीं इस वारदात में शामिल अन्य फरार अपराधियों की धरपकड़ के लिए लगातार छापेमारी और तकनीकी जांच जारी है।


अमन सिन्हा की रिपोर्ट