नवादा पुलिस की बड़ी स्ट्राइक: रजौली के जंगल से AK-47 और राइफलों का जखीरा जब्त, लेवी वसूलने वाला तस्कर गिरफ्तार

नवादा के रजौली में पुलिस ने AK-47 सहित भारी हथियार जब्त कर लेवी वसूलने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। एक आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी।

Nawada - नवादा जिले के रजौली थाना क्षेत्र में पुलिस ने प्रतिबंधित हथियारों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाइयों में से एक को अंजाम दिया है। पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान को मिली गुप्त सूचना के आधार पर रजौली के डेलवा ग्राम में छापेमारी कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के पास से आधुनिक हथियार AK-47, दो राइफलें और भारी मात्रा में जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। 

जंगल में लेवी वसूली और आतंक का खुलासा

यह पूरी कार्रवाई रजौली के जंगलों में असामाजिक तत्वों द्वारा हथियार के बल पर मजदूरों से खाना छीनने और निर्माण कार्य में लगे ठेकेदारों से लेवी (रंगदारी) वसूलने की सूचना के बाद की गई। एसपी अभिनव धीमान ने प्रेस वार्ता में बताया कि अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गुलशन कुमार के नेतृत्व में एक एसआईटी (SIT) का गठन किया गया था, जिसमें थानाध्यक्ष और विशेष कार्य बल (STF) के जवान शामिल थे।

 

पेड़ के नीचे छिपाकर रखे थे प्रतिबंधित हथियार

गठित टीम ने 12 मार्च 2026 को डेलवा ग्राम में सटीक सूचना पर छापेमारी की। गिरफ्तार अभियुक्त अजीत कुमार की निशानदेही पर उसके घर के पास एक आम के पेड़ के नीचे छिपाकर रखी गई एक AK-47 राइफल, दो 315 बोर की राइफलें, AK-47 की दो मैगजीन और तीन एम्युनिशन पाउच बरामद किए गए। इसके साथ ही पुलिस ने तीन सेट कैमोफ्लाइज वर्दी (सेना जैसी वर्दी) भी जब्त की है। 

स्वीकारोक्ति बयान और भारी मात्रा में कारतूस

गिरफ्तार आरोपी अजीत कुमार (31 वर्ष) ने पूछताछ में स्वीकार किया है कि वह अपने संगठन के साथ मिलकर हथियारों का डर दिखाकर ठेकेदारों से लेवी वसूलता था। पुलिस के बढ़ते दबाव के कारण उसने हथियारों को जमीन में छिपा दिया था। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने AK-47 के 21 कारतूस और 315 बोर राइफल के 10 अतिरिक्त कारतूस भी बरामद किए हैं। 

कांड दर्ज, अन्य आरोपियों की तलाश जारी

इस मामले में रजौली थाना में कांड संख्या 158/26 दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। एसपी ने बताया कि इस गिरोह में शामिल अन्य अपराधियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। इस कार्रवाई से इलाके में सक्रिय लेवी वसूलने वाले समूहों के बीच हड़कंप मच गया है। 

Report - aman sinha