Bihar Crime: रास्ते के झगड़े में चाचा-भतीजा आमने-सामने, खूनी भिड़ंत में 8 जख्मी

Bihar Crime: रास्ते को लेकर उपजे विवाद ने उस वक्त तूल पकड़ लिया, जब चाचा-भतीजा के दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। ...

चाचा-भतीजा आमने-सामने- फोटो : social Media

Bihar Crime: नवादा के नगर थाना क्षेत्र में रास्ते को लेकर उपजे विवाद ने उस वक्त तूल पकड़ लिया, जब चाचा-भतीजा के दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। रास्ते और गाली-गलौज के विवाद में देखते ही देखते जमकर मारपीट शुरू हो गई और मामला खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। वारदात में महिला और युवती समेत दोनों पक्षों के कुल आठ लोग जख्मी हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी का माहौल कायम हो गया।

स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए नवादा सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। घटना की इत्तिला मिलते ही नगर थाना प्रभारी उमाशंकर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लेकर छानबीन शुरू की।

जख्मी रोहित कुमार ने अपने चाचा ईश्वरी यादव और उनके परिवार के चार लोगों पर मारपीट का इल्जाम लगाया है। रोहित के मुताबिक, वह रास्ते से गुजर रहे थे। इसी दौरान रास्ते की जमीन को सरकारी जमीन बताते हुए उन्हें वहां से जाने से रोक दिया गया। विरोध करने पर दूसरे पक्ष ने कथित तौर पर गाली-गलौज शुरू कर दी। गाली देने का विरोध करने पर विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई। रोहित पक्ष का दावा है कि इस हमले में उनके परिवार के कई लोग घायल हुए।

वहीं, दूसरे पक्ष के नीतीश कुमार ने रोहित कुमार समेत उनके परिवार पर हमला करने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि उनकी बहन बैठी हुई थी, तभी उसे कथित तौर पर गाली दी गई। विरोध करने पर रोहित कुमार समेत चार लोगों ने उनके परिवार के साथ मारपीट की, जिसमें उनके पक्ष के भी चार लोग जख्मी हो गए।

दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर विवाद भड़काने और मारपीट करने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने घटनास्थल की जांच के बाद दोनों पक्षों से आवेदन मिलने पर मामले की निष्पक्ष तहकीकात और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिया है। फिलहाल पुलिस विवाद की असल वजह और दोनों पक्षों के आरोपों की तस्दीक में जुटी है।

रिपोर्ट- अमन कुमार