Bihar Police:अवैध खनन रोकने गई पुलिस पर हमला, गोली चलाकर ट्रैक्टर छुड़ाकर फरार हुए माफिया, इलाके में दहशत

Bihar Police: खनन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम पर बालू माफियाओं ने फायरिंग कर दी।....

अवैध खनन रोकने गई पुलिस पर हमला- फोटो : reporter

Bihar Police: नवादा जिले में अवैध बालू खनन के खिलाफ कार्रवाई करने गई खनन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम पर बालू माफियाओं ने फायरिंग कर दी। यह सनसनीखेज घटना हिसुआ और गया जिले की सीमा पर स्थित लटावर गांव के पास ढाढर नदी में हुई। गोलीबारी के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि टीम के सदस्य बाल-बाल बच गए, लेकिन इस दौरान पकड़ा गया चालक ट्रैक्टर समेत फरार हो गया।

जानकारी के मुताबिक लटावर गांव के ग्रामीणों ने ढाढर नदी में अवैध बालू खनन की शिकायत की थी। इसके बाद खनिज विकास पदाधिकारी और हिसुआ थाना प्रभारी मृत्युंजय कुमार के नेतृत्व में पुलिस और खनन विभाग की संयुक्त टीम छापेमारी के लिए पहुंची।

छापेमारी के दौरान टीम ने नदी में तीन ट्रैक्टरों पर बालू लोड होते देखा। पुलिस को देखते ही चालक ट्रैक्टर लेकर भागने लगे। इस दौरान दो ट्रैक्टर भागने में सफल रहे, जबकि भारी बालू लदा एक ट्रैक्टर नदी में फंस गया। पुलिस ने मौके पर चालक हर्षित राज उर्फ मदन गोपाल को पकड़ लिया, जो गया जिले के अतरी थाना क्षेत्र के बैकटपुर गांव का रहने वाला बताया जा रहा है।

इसी बीच आरोपी चालक का भाई राजगोपाल पिस्टल लेकर मौके पर पहुंच गया और टीम पर एक राउंड फायरिंग कर दी। इतना ही नहीं उसने पुलिस टीम को गोली मारने की धमकी भी दी। सुरक्षा व्यवस्था पर्याप्त नहीं होने के कारण टीम को पीछे हटना पड़ा। इसी का फायदा उठाकर पकड़ा गया चालक अपने भाई के साथ ट्रैक्टर लेकर फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस बल और अतरी थाना पुलिस की मदद से दरियापुर गांव में दोबारा छापेमारी की गई। इस दौरान पुलिस ने दो ट्रैक्टर जब्त किए।नवादा के हिसुआ और आसपास के इलाकों में अवैध बालू खनन लंबे समय से बड़ी समस्या बना हुआ है। लगातार हो रही घटनाओं के बाद अब खनन विभाग और पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठने लगे हैं।

रिपोर्ट- अमन कुमार