नवादा एसपी की सख्त चेतावनी: बच्चा चोरी की अफवाह फैलाने वालों की खैर नहीं, सोशल मीडिया पर पुलिस की पैनी नजर

नवादा एसपी अभिनव धीमान ने बच्चा चोरी की झूठी खबरें फैलाने वालों को चेतावनी देते हुए कहा है कि जिले में ऐसी कोई घटना नहीं हुई है। भ्रामक वीडियो पोस्ट करने वाले 50 प्लेटफॉर्म चिन्हित किए गए हैं।

Nawada - : जिले में पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर बच्चा चोरी की झूठी खबरों और भ्रामक वीडियो के प्रसार को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (एसपी) अभिनव धीमान ने कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि भ्रामक पोस्ट और एडिट किए गए वीडियो के जरिए समाज में डर पैदा करने वालों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कानूनी शिकंजा कसा जाएगा।

एडिटेड वीडियो और रील्स से फैल रहा है भ्रम 

एसपी धीमान ने बताया कि फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे प्लेटफॉर्म पर पुराने और असंबद्ध वीडियो को एडिट कर बच्चा चोर गिरोह के सक्रिय होने का दावा किया जा रहा है। इन फेक वीडियो और रील्स के कारण आम लोगों में दहशत का माहौल है, जिसके परिणामस्वरूप कई जगहों पर लोग कानून अपने हाथ में लेकर संदिग्ध व्यक्तियों के साथ मारपीट जैसी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं।

चिन्हित किए गए 50 सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 

नवादा पुलिस ने अब तक ऐसे लगभग 50 सोशल मीडिया अकाउंट्स और प्लेटफॉर्म को चिन्हित किया है, जहाँ से गलत जानकारी साझा की गई थी। पुलिस इन अकाउंट धारकों की पहचान कर रही है। एसपी ने आंकड़ों के साथ स्पष्ट किया कि वर्तमान में जिले के किसी भी थाने में बच्चा चोरी का एक भी मामला दर्ज नहीं किया गया है, जिससे यह प्रमाणित होता है कि फैलाई जा रही खबरें पूरी तरह निराधार हैं।

जनता से अपील: कानून को हाथ में न लें 

पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और संदिग्ध व्यक्ति दिखने पर स्वयं मारपीट करने के बजाय तुरंत 112 नंबर या नजदीकी थाने को सूचित करें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना मिलने पर त्वरित जांच और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Report - aman sinha