Bihar News : नवादा में चौकीदार हत्याकांड का पुलिस ने किया खुलासा, दो मुख्य आरोपियों को किया गिरफ्तार

Bihar News : नवादा में चौकीदार जितेंद्र पासवान की निर्मम हत्या के मामले को पुलिस ने महज कुछ ही घंटों में सुलझा लिया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है......पढ़िए आगे

NAWADA : जिले के धमौल थाना क्षेत्र अंतर्गत तुर्कवन गांव में चौकीदार जितेंद्र पासवान की चाकू मारकर हत्या का मामला पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह घटना 10 मई 2026 की शाम करीब 8:15 बजे थाने के निकट हुई थी। आरोपियों ने चौकीदार जितेंद्र पासवान पर अचानक चाकू से हमला कर दिया, जिससे उनके पेट में कई गहरे घाव हो गए। गंभीर रूप से घायल जितेंद्र पासवान को प्राथमिक उपचार के बाद पटना रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

मृतक जितेंद्र पासवान चौकीदार नंबर 7/1 के रूप में अपनी ड्यूटी निभा रहे थे। इस निर्मम हत्या से पूरे नवादा जिले में सनसनी फैल गई थी और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त हो गया था। मिली जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपी शशिभूषण कुमार उर्फ शिभूषण यादव (पिता रामरूप यादव) और नीरंजन कुमार उर्फ नीरंजन यादव (पिता रामाशीष यादव उर्फ पप्पू यादव) दोनों ही तुर्कवन गांव के निवासी हैं। पुलिस को इन दोनों आरोपियों के शराब माफिया से संबंध होने के भी संकेत मिले हैं। धमौल थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें इन दोनों का नाम मुख्य रूप से शामिल था।

पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान ने मामले को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी हिमांशु कुमार को तत्काल सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे। थाना प्रभारी की अगुवाई में गठित एक विशेष टीम ने रात-दिन छापेमारी कर दोनों आरोपियों को उनके घर से ही गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अब इस मामले में गहराई से जांच कर रही है कि हत्या के पीछे की असली वजह क्या थी। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना की है। उन्होंने मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जल्द से जल्द न्याय सुनिश्चित किया जाए। पुलिस ने दोनों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

अमन की रिपोर्ट