Road Accident In Bihar: नवादा में सड़क हादसे में 3 की मौत, बिजली खंभे से टकराई तेज रफ्तार बाइक, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

Road Accident In Bihar: बिहार के नवादा से दर्दनाक खबर सामने आ रही है। जहां सड़क दुर्घटना में 3 युवकों की मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि सभी तिलक समारोह से वापस आ रहे थे। परिजनों में कोहराम मच गया है।

सड़क हादसे में 3 की मौत - फोटो : social media

Road Accident In Bihar: बिहार के नवादा जिले में एक भीषण सड़क दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गई। हादसा सीतामढ़ी थाना क्षेत्र के कटघर गांव के समीप हुआ, जहां तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े बिजली के खंभे से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

तीन युवकों की गई जान 

मृतकों की पहचान गया जिले के रिऊला गांव निवासी सुनील चौधरी के 20 वर्षीय पुत्र सोनू कुमार उर्फ भोला चौधरी, विजय चौधरी के 20 वर्षीय पुत्र प्रताप कुमार उर्फ विकास कुमार और राजेश मांझी के 42 वर्षीय पुत्र इंद्र मांझी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मृतकों में चाचा-भतीजा भी शामिल हैं।

तिलक से लौट रहे थे तीनों शख्स

जानकारी के अनुसार, तीनों युवक अकबरपुर प्रखंड के महोगया गांव में आयोजित एक तिलक समारोह में शामिल होने गए थे। समारोह से लौटने के दौरान कटघर मोड़ के पास यह हादसा हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक (आर-15 मॉडल) काफी तेज गति में थी, जिससे चालक नियंत्रण खो बैठा और सीधे बिजली के खंभे से टकरा गया।

परिजनों में मचा कोहराम 

स्थानीय ग्रामीण हरे राम चौधरी ने बताया कि छोटू चौधरी की पुत्री के तिलक समारोह से लौटते समय यह दुर्घटना हुई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इधर, इंद्र मांझी की पत्नी बबीता देवी नौ माह की गर्भवती हैं और दो-तीन दिनों में उनके प्रसव की संभावना थी। पति की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

नवादा से अमन की रिपोर्ट