Bihar News: किसान परिवार के बेटे ने मेहनत से रचा इतिहास, चीन में तिरंगा लहराकर नवादा लौटे पवन राज, ढोल-नगाड़ों से हुआ भव्य स्वागत
Bihar News: रग्बी खिलाड़ी पवन राज ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व कर नवादा और बिहार का मान बढ़ाया है। ...
Bihar News: नवादा जिले के चुटकिया बीघा गांव के युवा रग्बी खिलाड़ी पवन राज ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व कर नवादा और बिहार का मान बढ़ाया है। चीन में आयोजित एशियाई रग्बी अंडर-18 चैंपियनशिप में भारतीय टीम की जर्सी पहनकर खेलने के बाद बुधवार को नवादा लौटे पवन राज का कीर्ति डिफेंस अकादमी की ओर से भव्य स्वागत किया गया। नवादा की धरती पर कदम रखते ही रग्बी खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने ढोल-नगाड़ों के साथ उनका स्वागत किया। इस दौरान भारत माता की जय के नारों से पूरा माहौल देशभक्ति से सराबोर हो गया।
मिर्जापुर मैदान में आयोजित सम्मान समारोह में पवन राज की खेल यात्रा और उनकी उपलब्धियों को याद किया गया। कीर्ति डिफेंस अकादमी के संचालक कीर्ति रंजन ने कहा कि नवादा की मिट्टी से निकलकर पवन ने चीन में भारत के लिए खेलते हुए पूरे जिले और बिहार का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि पवन की अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि अकादमी के साथ-साथ जिले के तमाम खेल प्रेमियों के लिए गर्व का विषय है।कोच विक्रम कुमार ने बताया कि किसान परिवार से आने वाले पवन राज का चयन भारतीय अंडर-18 रग्बी टीम के लिए हुआ था। बचपन से ही उन्होंने खेल के प्रति जुनून को अपनी ताकत बनाया। नियमित अभ्यास, कठिन प्रशिक्षण और अनुशासन के दम पर पवन ने धीरे-धीरे राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई और आखिरकार अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचने में कामयाब रहे।
जिला रग्बी संघ के मुताबिक पवन राज ने राष्ट्रीय स्तर की कई प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने स्वर्ण पदक समेत कई उपलब्धियां अपने नाम की हैं। नवादा स्थित कीर्ति डिफेंस अकादमी में प्रशिक्षण लेने वाले पवन ने सीमित संसाधनों के बावजूद अपने हौसले को कमजोर नहीं पड़ने दिया।अकादमी में रग्बी के साथ अन्य खेलों का भी प्रशिक्षण दिया जाता है। पवन की सफलता ने यह साबित किया है कि प्रतिभा अगर मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़े तो संसाधनों की कमी भी रास्ते की दीवार नहीं बन सकती।
पवन राज के अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहुंचने से नवादा में रग्बी खेल को भी नई पहचान मिली है। उनके स्वागत समारोह में मौजूद खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने उनकी उपलब्धि पर खुशी जताई और भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
जिला रग्बी संघ, प्रशिक्षकों और अकादमी से जुड़े लोगों को उम्मीद है कि पवन राज आने वाले वर्षों में भी भारतीय रग्बी टीम का हिस्सा बनकर देश के लिए बड़ी उपलब्धियां हासिल करेंगे। चीन से लौटे इस युवा खिलाड़ी की कामयाबी अब नवादा के दूसरे युवाओं के लिए भी मेहनत, जुनून और हौसले की नई मिसाल बन गई है।
रिपोर्ट- अमन कुमार